0

बरेली में सीवियर कोल्ड डे अलर्ट: पारा 4 डिग्री, नैनीताल से भी ठंडी रात

By Jan 9, 2026

बरेली में जनवरी माह में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। गुरुवार को जिले में गंभीर शीत दिवस (सीवियर कोल्ड डे) दर्ज किया गया, जिसमें गलन और शीतलहर ने हाड़ कंपाने वाली सर्दी का अहसास कराया। जिले का अधिकतम तापमान भी नैनीताल से सात डिग्री सेल्सियस कम रहा। घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम रही।

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को बरेली का अधिकतम पारा 11.2 और न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, नैनीताल में अधिकतम पारा 18 और न्यूनतम पारा छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बर्फबारी वाले पहाड़ी इलाकों से प्रदेश में आ रही ठंडी और शुष्क पछुआ हवा और घने कोहरे के प्रभाव से धूप देर से निकलने के कारण यह स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने 11 जनवरी तक कोहरे के घनत्व में कमी आने व तापमान में बढ़ोतरी होने से ठंड की स्थिति में अल्पकालिक सुधार की संभावना जताई है।

बदायूं में गुरुवार का दिन इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा, जहां पारा दो डिग्री और लुढ़क कर चार डिग्री पर पहुंच गया। बर्फीली हवाओं के चलते लोग परेशान दिखे और अलाव के सहारे बैठे नजर आए। रात के समय कोहरे के घना होने के चलते दृश्यता काफी कम थी। सुबह चार बजे तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। दिन निकलने के बाद भी कोहरा कम नहीं हो रहा था, जिससे वाहनों को लाइट जलाकर चलना पड़ा।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें