लखनऊ में ‘धुरंधर’ की स्क्रीनिंग, Sanjay Dutt के आते ही गूंजे ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’ के नारे
लखनऊ में फिल्म ‘धुरंधर’ की स्पेशल स्क्रीनिंग के दौरान दर्शकों को उस वक्त बड़ा सरप्राइज मिला जब अभिनेता संजय दत्त अचानक वीडियो कॉल के जरिए उनसे जुड़े। बीजेपी विधायक राजेश्वर सिंह ने इस स्क्रीनिंग का आयोजन किया था। संजय दत्त के स्क्रीन पर आते ही सिनेमा हॉल में मौजूद दर्शक खुशी से झूम उठे और जोरदार तालियां बजाने लगे।
वीडियो कॉल के दौरान दर्शकों का उत्साह चरम पर था। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि दर्शक ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ और ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’ के नारे लगा रहे थे। संजय दत्त ने भी दर्शकों से थोड़ी देर बातचीत की और उनके प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।
इस मौके पर बीजेपी विधायक राजेश्वर सिंह भी मंच पर मौजूद थे। उन्होंने दर्शकों को संबोधित करते हुए संजय दत्त के लंबे फिल्मी करियर की सराहना की। उन्होंने कहा कि संजय दत्त ने कई दशकों तक भारतीय सिनेमा में यादगार भूमिकाएं निभाई हैं और आज भी उनकी लोकप्रियता बरकरार है। विधायक ने फिल्म ‘धुरंधर’ में संजय दत्त के दमदार अभिनय की भी तारीफ की।
फिल्म ‘धुरंधर’ 5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई थी और 24 दिनों बाद भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने 24वें दिन भारत में 22.25 करोड़ रुपये कमाए, जिससे इसका कुल कलेक्शन 690.25 करोड़ रुपये हो गया है। यह फिल्म अब तक की शीर्ष 10 सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों में शामिल हो गई है। फिल्म की कहानी कराची के लयारी क्षेत्र में अंडरवर्ल्ड और आतंकवाद की वास्तविक घटनाओं से प्रेरित बताई जाती है। फिल्म की सफलता के बाद, निर्माताओं ने इसके सीक्वल ‘धुरंधर 2 – रिवेंज’ की घोषणा की है, जो 19 मार्च 2026 को रिलीज होगी।
