सुलतानपुर में मुठभेड़: पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को दबोचा
सुलतानपुर में पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में रविवार-सोमवार की रात हुई मुठभेड़ में पुलिस ने वाहन चोरी के सक्रिय गिरोह के सदस्यों को उनके पैरों में गोली मारकर पकड़ा है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ वाहन चोर बभनगंवा-बरौसा रोड पर गोमती नदी पुल के पास सक्रिय हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बदमाश भागने लगे और जब उन्हें रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए।
पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए बदमाश वाहन चोर गिरोह के शातिर सदस्य हैं। उनकी पहचान जौनपुर जिले के शाहगंज निवासी अमर नाथ राजभर (42 वर्ष), पुत्र राम कुमार, निवासी रसूलपुर सगरहा और अरसलम (23 वर्ष), पुत्र मिस्टर, निवासी मजडिहा के रूप में हुई है। दोनों के पैरों में गोली लगी है।
घायल बदमाशों को तत्काल इलाज के लिए लंभुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर उनका उपचार कर रहे हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की गई गाड़ियों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है।
