0

संभल में खेत में पेड़ से लटका मिला मजदूर का शव, जांच में जुटी पुलिस

By Nov 18, 2025

संभल के नखासा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां हसनपुर रोड स्थित चंदावली इंटर कॉलेज के पास एक खेत में पेड़ से लटका हुआ 38 वर्षीय मजदूर का शव मिला। ग्रामीणों ने जब शव देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान हयात नगर थाना क्षेत्र के कमलपुर सराय निवासी राहुल पुत्र सोमपाल के रूप में की गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राहुल दीपावली से कुछ दिन पहले ऋषिकेश में मजदूरी करने गया था और उसके बाद से वह अपने घर नहीं लौटा था। मंगलवार की सुबह उसका शव चंदावली गांव के पास एक खेत में पेड़ की डाल से रस्सी के सहारे लटका हुआ पाया गया।

बताया जा रहा है कि मृतक राहुल की बहन भी चंदावली गांव में रहती है, जिसने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की। इस घटना से परिवार में गहरा सदमा और मातम पसर गया है।

मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप बालियान ने बताया कि शव की पहचान राहुल के रूप में हो गई है और प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा और आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की विभिन्न कोणों से जांच कर रही है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें