0

स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल की शादी: सांगली में 140 मेहमानों की मौजूदगी में होंगे परिणय सूत्र में

By Nov 22, 2025

भारतीय महिला क्रिकेट की धुरंधर बल्लेबाज स्मृति मंधाना और जाने-माने संगीतकार पलाश मुच्छल 23 नवंबर को महाराष्ट्र के सांगली शहर में एक-दूसरे के हो जाएंगे। यह एक बेहद निजी और अंतरंग समारोह होगा, जिसमें दोनों परिवारों के कुल 140 खास मेहमानों को आमंत्रित किया गया है। सूत्रों के अनुसार, पलाश की ओर से 70 और स्मृति की ओर से भी 70 लोगों को निमंत्रण भेजा गया है। इस खास मौके पर कोई भव्य रिसेप्शन आयोजित नहीं किया जाएगा, बल्कि केवल करीबी लोगों के साथ ही खुशियां मनाई जाएंगी।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शादी की रस्में शुरू हो चुकी हैं। 21 नवंबर को हल्दी की रस्म संपन्न हुई, जिसके बाद 22 नवंबर को मेहंदी और संगीत सेरेमनी का आयोजन किया गया। विवाह समारोह दोपहर के समय संपन्न होगा। इस शुभ अवसर पर, स्मृति मंधाना मशहूर फैशन डिजाइनर अनीता डोंगरे द्वारा तैयार किए गए परिधान पहनेंगी। इसके साथ ही, वह खास हीरे और पोल्की के आभूषणों से सजी नजर आएंगी, जो उनकी सुंदरता में चार चांद लगाएंगे।

पलाश मुच्छल ने एक बातचीत में बताया कि यह शादी बहुत ही छोटे पैमाने पर हो रही है। उन्होंने कहा, ‘हमने ज्यादा लोगों को नहीं बुलाया है, सिर्फ अपने करीबी लोगों को ही आमंत्रित किया है। मेरी तरफ से लगभग 70 मेहमान हैं और मंधाना तरफ से भी 70 मेहमान हैं। यह एक छोटी सी शादी है, जिसमें कोई रिसेप्शन नहीं है। हम पॉलिटिकल और क्रिकेट की दुनिया के कुछ लोगों के साथ एक छोटे से समारोह में मुलाकात करेंगे।’

यह भी बताया गया है कि सांगली, स्मृति मंधाना का पैतृक शहर है और उनकी इच्छा थी कि उनकी शादी यहीं हो। इसी वजह से इस ऐतिहासिक शहर को शादी के लिए चुना गया है। शादी के लिए सांगली के सयाजी होटल को बुक किया गया है, जहां हल्दी की रस्म भी पूरी की गई। कुछ महिला क्रिकेटर भी इस समारोह में शामिल होने के लिए रविवार सुबह सांगली पहुंचेंगे। गौरतलब है कि पलाश मुच्छल ने कुछ समय पहले DY पाटिल स्टेडियम में स्मृति मंधाना को सरेआम प्रपोज कर रिंग पहनाई थी, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए थे।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें