स्मृति मंधाना की शादी की अफवाहों पर भाई का बड़ा बयान, कहा- ‘कोई जानकारी नहीं’
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना और संगीतकार पलाश् मचछाल की शादी को लेकर इन दिनों अटकलों का बाजार गर्म है। मंगलवार को सोशल मीडिया पर यह खबर तेजी से फैली कि दोनों 7 दिसंबर को शादी के बंधन में बंध सकते हैं। इस खबर ने एक बार फिर फैंस के बीच खलबली मचा दी।
हालांकि, इन तमाम अफवाहों पर स्मृति मंधाना के भाई श्रवण मंधाना ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा है कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा, “मुझे इन अफवाहों के बारे में कुछ नहीं पता। फिलहाल शादी स्थगित ही है।” श्रवण ने वायरल हो रही 7 दिसंबर की तारीख को पूरी तरह से गलत और भ्रामक बताया।
गौरतलब है कि स्मृति और पलाश् की 23 नवंबर को सांगली में होने वाली शादी को उनके पिता श्रीनिवास मंधाना की अचानक गंभीर स्वास्थ्य समस्या के चलते स्थगित कर दिया गया था। शादी के दिन ही उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था, जिसके बाद दोनों परिवारों ने शादी की रस्में रोक दी थीं।
इस घटनाक्रम के बाद पलाश् मचछाल भी काफी तनाव में आ गए थे और उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी मां ने बाद में बताया था कि पलाश् को आईवी सपोर्ट पर रखा गया था और कुछ जांचें होने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी।
शादी के स्थगित होने के बाद से ही इंटरनेट पर अटकलों का दौर शुरू हो गया था। जब दोनों परिवारों की ओर से कोई तत्काल प्रतिक्रिया नहीं आई, तो अफवाहों का बाजार और तेज हो गया। यहां तक कि निजी चैट के स्क्रीनशॉट वायरल होने के बाद बेवफाई के आरोप भी सामने आए। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने यह अनुमान लगाया कि शादी स्थगित होने का कारण केवल स्वास्थ्य समस्या ही नहीं, बल्कि पलाश् का स्मृति को धोखा देना भी हो सकता है।
इन अफवाहों को और हवा तब मिली जब स्मृति ने अपनी ऑनलाइन गतिविधियों में बदलाव किया। उन्होंने अपनी सगाई से जुड़े पोस्ट, जिसमें प्रपोजल वीडियो भी शामिल था, को डिलीट कर दिया और पलाश् से जुड़े टैग्स भी हटा दिए। कई फैंस ने इन कदमों को इस बात का संकेत माना कि दोनों के बीच चीजें ठीक नहीं चल रही हैं।
