कानपुर में सेल्समैन की निर्मम हत्या, शराब विवाद में चाचा-भतीजे ने ईंट से सिर कुचला; Kanpur news
कानपुर के गोविंद नगर में शराब पीने के दौरान हुए विवाद के चलते एक सेल्समैन की निर्मम हत्या कर दी गई। आरोपियों ने बदला लेने के लिए सेल्समैन को घर से बुलाया और फिर निराला नगर रेलवे मैदान ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। सेल्समैन राहुल अवस्थी का शव सोमवार सुबह नग्न अवस्था में मिला, जिसे कुत्तों ने नोंच डाला था।
पुलिस के अनुसार, हत्या के आरोपी कामता शर्मा और उसके भतीजे मोहित शर्मा ने पूछताछ में बताया कि शनिवार को शराब पीने के दौरान राहुल अवस्थी ने उनसे गाली-गलौज की थी। इसका बदला लेने के लिए उन्होंने राहुल को रविवार रात फिर से शराब पीने के बहाने बुलाया।
आरोपियों ने राहुल को निराला नगर रेलवे मैदान ले जाकर पहले बेल्ट से पीटा। जब बेल्ट से चोट नहीं लगी तो उन्होंने राहुल के कपड़े उतार दिए और फिर से बेल्ट से पिटाई की। इसके बाद पास पड़ी इंटरलॉकिंग की ईंट उठाकर राहुल का सिर कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी शव को वहीं छोड़कर फरार हो गए। सुबह स्थानीय लोगों ने शव को क्षत-विक्षत हालत में देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके से बाइक नंबर के आधार पर मृतक की पहचान की। सीसीटीवी फुटेज और मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया, जिन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
