सीतापुर: पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या, पुलिस ने किया पर्दाफाश
सीतापुर के कमलापुर थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों के अनुसार, मृतक मनीष बाजपेयी की पत्नी काजल का अजीत नामक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसके चलते दोनों ने मिलकर मनीष को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
जानकारी के अनुसार, लखीमपुर खीरी निवासी मनीष बाजपेयी की पहली पत्नी के निधन के बाद उसके ससुराल पक्ष ने उसकी शादी उसकी साली काजल से करा दी थी। इसी दौरान काजल का अजीत से प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। पति-पत्नी के बीच इस रिश्ते को लेकर अक्सर विवाद होता था। बताया जा रहा है कि इसी विवाद के चलते दोनों ने मिलकर मनीष को मौत के घाट उतारने का फैसला किया।
बुधवार को मनीष अपनी ससुराल आया हुआ था। गुरुवार की सुबह जब उसकी पत्नी उसे स्कूटी से छोड़ने के लिए बरईखेड़ा तिराहे की ओर जा रही थी, तभी पहले से घात लगाए बैठे अजीत और उसके एक साथी ने मनीष पर बांके से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में मनीष गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहाँ देर शाम उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने शक के आधार पर पत्नी काजल को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और पूरी घटना का खुलासा कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल के पास से हत्या में प्रयुक्त बांका और खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश सिंह ने बताया कि एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
