0

सिद्धार्थनगर: संदिग्ध मौत के बाद मायके पक्ष का थाने पर हंगामा, दहेज हत्या का आरोप

By Dec 3, 2025

सिद्धार्थनगर जिले के इटवा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए थाने का घेराव कर जमकर हंगामा किया। उन्होंने तत्काल कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव के साथ घंटों प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार, बस्ती जिले के सोनहा थाना क्षेत्र के फेरमस गांव निवासी राहुल सोनी ने अपनी बहन लक्ष्मी सोनी के विवाह के लगभग चार वर्ष पूर्व इटवा थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव निवासी विवेक वर्मा से हुई थी। राहुल सोनी का आरोप है कि शादी के बाद से ही लक्ष्मी को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। पूर्व में इस संबंध में पंचायत भी हुई थी, जिसके बाद समझौता कराया गया था।

राहुल सोनी ने बताया कि रविवार को उन्हें सूचना मिली कि उनकी बहन लक्ष्मी की तबीयत खराब है और उसे बस्ती जिला अस्पताल ले जाया गया है। अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि उसकी मौत हो गई है। मृतका के भाई का आरोप है कि दहेज में पांच लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई और बाद में बीमारी का बहाना बनाया गया। आरोप है कि मौत के बाद पति और ससुराल पक्ष अस्पताल में शव छोड़कर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही इटवा और डुमरियागंज तहसीलों के एसडीएम, सीओ और थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे। मृतका के परिजनों ने तत्काल दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मृतका के पति विवेक वर्मा, ससुर राजेंद्र वर्मा और सास विनीता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई में उदासीनता का आरोप भी लगाया। उनका कहना था कि सोमवार को तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई नहीं की, जिससे आक्रोश बढ़ गया। मंगलवार शाम को शव के साथ थाने पहुंचने पर भी देर तक गिरफ्तारी न होने से स्वजन उग्र हो गए।

इस बीच, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। उन्होंने शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।

घटना से मृतका लक्ष्मी की ढाई वर्ष की दुधमुंही बच्ची के सिर से मां का साया उठ गया है, जिससे परिवार और गांव में शोक की लहर है। मंगलवार देर शाम को अधिकारियों के आश्वासन के बाद कि चौबीस घंटे के भीतर मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी कर ली जाएगी, परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने के लिए ले जाकर थाने का घेराव समाप्त कर दिया।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें