सहावर गेट क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित, लोग हुए परेशान
शहर के सहावर गेट क्षेत्र में अमांपुर रोड पर गुरुवार को दिनभर विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। विद्युत लाइन डालने और साथ ही पेड़ों की छटाई के कार्य के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई, जो देर शाम तक जारी रहा।
सूत्रों के अनुसार, पिछले तीन दिनों से इस क्षेत्र में विद्युत संबंधी कार्य चल रहा था। हालांकि, पहले के दिनों में दोपहर के समय कुछ घंटों की कटौती के बाद शाम तक आपूर्ति सुचारू हो जाती थी, जिससे लोगों की दिनचर्या पर खास असर नहीं पड़ रहा था। लेकिन गुरुवार को स्थिति भिन्न रही। सुबह कुछ देर आपूर्ति देने के बाद ही सप्लाई पूरी तरह से बाधित कर दी गई।
लोगों को शाम तक आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद थी, परंतु शाम साढ़े छह बजे तक भी कार्य जारी रहने के कारण विद्युत आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी। बिजली न होने के कारण लोगों को अपने दैनिक विद्युत संबंधी कार्यों को निपटाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। विद्युत उपकरणों की मरम्मत करने वाले दुकानदारों को भी अपने प्रतिष्ठान बंद करने पड़े, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि विद्युत कर्मियों ने एक साथ पेड़ छटाई और लाइन डालने का कार्य शुरू कर दिया, जिसकी वजह से काम में देरी हुई। यदि पेड़ों की छटाई का कार्य एक दिन पहले ही पूरा कर लिया गया होता, तो शायद लाइन डालने का काम समय पर पूरा हो जाता और विद्युत आपूर्ति भी सुचारू बनी रहती।
इस समस्या से परेशान डॉ. प्रदीप कुमार, पंकज कुमार, गौरव, जितेंद्र सिंह, दशरथ सहित अन्य कई स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति सुचारू करने की मांग की है, ताकि उनकी रोजमर्रा की जिंदगी सामान्य हो सके।
