सावधान! फर्जी वोटर सर्वे फॉर्म वायरल, नए वोट के लिए फॉर्म-6 ही मान्य
मुरादाबाद में इंटरनेट मीडिया पर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के नाम से एक फर्जी फॉर्म प्रसारित किया जा रहा है, जिसे लेकर प्रशासन ने मतदाताओं को आगाह किया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यह फॉर्म पूरी तरह से गलत है और इसके झांसे में आने से बचें। यदि किसी का मतदाता सूची में नाम नहीं है और वह नया वोट बनवाना चाहता है, तो उसे केवल फॉर्म-6 भरकर ही आवेदन करना होगा।
यह मामला तब सामने आया जब कुछ लोग इंटरनेट पर मिले इस कथित एसआईआर फॉर्म को भरकर उप जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में जमा करने पहुंचे। तब यह भेद खुला कि यह फॉर्म पूरी तरह से फर्जी है। असल में, एसआईआर-2025 के अंतर्गत विवरण दर्ज कराने के लिए ऐसे किसी विशेष फॉर्म की आवश्यकता नहीं है। यदि किसी का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, तो नए वोट के लिए सीधे फॉर्म-6 का उपयोग करना होगा।
प्रशासन ने बताया कि एसआईआर कार्य के चलते 28 अक्टूबर से मतदाता सूची फ्रीज कर दी गई है। हालांकि, ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद नए वोट बनने की प्रक्रिया पुनः शुरू हो जाएगी। इस अवधि के दौरान, मतदाता फॉर्म-6 भरकर अपने बूथ स्तर के अधिकारी (बीएलओ) के पास जमा कर सकते हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम प्रशासन संगीता गौतम ने बताया कि मूल गणना पत्र में मतदाता की फोटो, क्यूआर कोड, नाम, इपिक आईडी नंबर, पता और क्रम संख्या जैसी जानकारी होती है। वहीं, मतदाताओं को जन्मतिथि, आधार संख्या, मोबाइल नंबर, माता-पिता का नाम, इपीआइसी संख्या, जीवनसाथी का नाम और पिछले एसआईआर की मतदाता सूची का विवरण भरना होता है।
उन्होंने आगे कहा कि जिन मतदाताओं को किसी कारणवश गणना-पत्र नहीं मिल पाया है और उनका नाम मतदाता सूची में है, वे अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क करें। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे किसी भी फर्जी पत्र पर भरोसा न करें।
इस बीच, विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 58, प्राथमिक विद्यालय कन्या पाठशाला, कांठ कक्ष संख्या तीन के बीएलओ शुभम विश्नोई को निर्वाचन कार्य में उत्कृष्ट योगदान के लिए सराहा गया। उन्होंने घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र दिए और सहयोग लिया, जिससे एसआईआर का कार्य समय पर पूरा हो सका। उनके बूथ पर 821 मतदाता थे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम प्रशासन संगीता गौतम और एसडीएम संत दास पंवार ने उनके कार्यों की सराहना की है।
सभी मतदाताओं से अपील की गई है कि जिन लोगों को गणना-पत्र मिल गए हैं और उन्होंने अभी तक जमा नहीं किया है, वे उन्हें भरकर बीएलओ के पास अनिवार्य रूप से जमा करा दें। यदि किसी का नाम मतदाता सूची में है और गणना-पत्र नहीं मिला है, तो वे संबंधित बूथ पर बीएलओ से संपर्क कर इसे प्राप्त करें और जमा करें। एसआईआर प्रक्रिया में सभी मतदाताओं की भागीदारी अनिवार्य है।
