कासगंज के किसानों को राहत, 84 हजार बोरी यूरिया की रैक पहुंची, Kasganj news
कासगंज जिले के किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। रबी की फसल के लिए यूरिया की कमी से जूझ रहे किसानों को अब पर्याप्त उर्वरक मिल सकेगा। जिले में दो कंपनियों की कुल 84,713 बोरियों की रैक पहुंची है। इस आपूर्ति से गेहूं की फसल में यूरिया के पहले और दूसरे बुरकाव के लिए पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध हो गया है।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जंक्शन स्टेशन पर इफको की 59,470 बोरियां और चंबल फर्टिलाइजर की 25,243 बोरियां प्राप्त हुई हैं। यह आपूर्ति जिले के लिए निर्धारित लक्ष्य 48,240 मीट्रिक टन के सापेक्ष 35,346 मीट्रिक टन यूरिया की उपलब्धता सुनिश्चित करती है।
यूरिया का वितरण दो माध्यमों से किया जाएगा। कुल स्टॉक का 20 प्रतिशत हिस्सा सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों तक पहुंचाया जाएगा, जबकि शेष 80 प्रतिशत मात्रा निजी विक्रेताओं द्वारा वितरित की जाएगी।
कृषि विभाग ने किसानों को यूरिया के सही उपयोग के बारे में भी सलाह दी है। विभाग के अनुसार, यदि गेहूं की फसल पहली सिंचाई के बाद पीली पड़ रही है, तो यूरिया के साथ 6-7 किलोग्राम जिंक सल्फेट मोनोहाइड्रेट मिलाकर प्रयोग करना लाभदायक होगा। इससे फसल पाले से भी बची रहेगी। गेहूं की फसल में दूसरी सिंचाई के बाद 55-60 दिन की अवस्था पर यूरिया की दूसरी बेसल ड्रेसिंग करने की सलाह दी गई है।
