0

पटना में 112 सड़कों का पुनर्वर्गीकरण: संपत्ति कर निर्धारण में आएगी पारदर्शिता, जानें पूरी जानकारी

By Dec 19, 2025

पटना नगर निगम क्षेत्र में संपत्ति कर निर्धारण व्यवस्था को सुव्यवस्थित, तार्किक और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। राजधानी पटना की कुल 112 सड़कों के पुनर्वर्गीकरण को स्वीकृति मिल गई है। नगर विकास एवं आवास विभाग की अनुमति के बाद नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी किया है, जो 19 मई 2025 से लागू होगा।

इस पुनर्वर्गीकरण के तहत, संपत्ति कर निर्धारण के उद्देश्य से 43 प्रधान मुख्य सड़कों और 69 मुख्य सड़कों को शामिल किया गया है। यह वर्गीकरण सड़कों के व्यावसायिक उपयोग, यातायात दबाव, चौड़ाई और आसपास के शहरी विकास को ध्यान में रखकर किया गया है। बिहार नगरपालिका संपत्ति कर निर्धारण, संग्रहण एवं वसूली नियमावली-2013 के अनुसार, नगर निगम को हर पांच साल में सड़कों के वर्गीकरण की समीक्षा करनी होती है, जिसके तहत यह प्रक्रिया पूरी की गई है।

सड़कों के पुनर्वर्गीकरण के आधार पर ही संपत्ति कर के गुणक (multipliers) तय होते हैं और उसी के अनुसार कर का निर्धारण किया जाता है। इस निर्णय का असर पहले से जमा किए गए संपत्ति कर पर भी पड़ेगा। नगर निगम का मानना है कि इस कदम से संपत्ति कर प्रणाली अधिक न्यायसंगत और पारदर्शी बनेगी, जिससे कर व्यवस्था में एकरूपता आएगी और राजस्व संग्रह में भी वृद्धि की उम्मीद है।

पुनर्वर्गीकृत प्रमुख सड़कों में अशोक राजपथ, राजेंद्र पथ, गांधी मैदान के चारों ओर का मार्ग, एक्जीबिशन रोड, फ्रेजर रोड, डाकबंगला रोड, नेहरू पथ (बेली रोड), खगौल रोड, स्टेशन रोड, हार्डिंग रोड, न्यू बाईपास रोड, बुद्ध मार्ग, वीरचंद पटेल पथ, बोरिंग रोड, एसपी वर्मा रोड, कंकड़बाग पुराना बाईपास, अब्दुल बारी पथ, आर्य कुमार रोड, रामवृक्ष बेनीपुरी पथ, शेरशाह पथ, बाकरगंज बजाज रोड, अनुग्रह नारायण पथ, आशियाना दीघा रोड, चिरैयाटांड़ इंग्लिश रोड, कांग्रेस मैदान पथ, हनुमान नगर रोड, करबिगहिया रोड, किदवईपुरी रोड, नया सड़क रोड (गुरु गोविंद सिंह पथ), नालंदा मेडिकल कालेज एवं हास्पिटल रोड, रामपुर रोड, सहदेव मार्ग, सैदपुर रोड, सिन्हा लाइब्रेरी रोड और विद्यापति मार्ग शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त, बाकरगंज दलदली रोड, द्वारिकानाथ रोड, ककड़बाग पथ संख्या-एक व दो, चांदमारी रोड, गांधी पथ, गया लाइन गुमटी से सिपारा गुमटी तक रोड, बैंक रोड, जमाल रोड, गौरैया टोली रोड, डी लाल संस के बगल से होटल अमर तक, हार्डिंग रोड से समानांतर न्यू मार्केट के अंदर का रोड, गुरुद्वारा रोड, एसपी वर्मा रोड से संबंध पथ, फ्रेजर रोड से जीवन बीमा निगम के दक्षिण की सड़क, बंदर बगीचा होते हुए डाक बंगला तक रोड, डॉ. गुहा पथ, हीरा पैलेस के पश्चिम का पथ, कोतवाली थाना के पीछे का पथ, स्टेशन रोड पर अग्रवाल वस्त्र कुटीर से आनंद लोक होटल तक पथ, एक्जीबिशन रोड से मिथिला मोटर तक की सड़क, राजा मार्केट पथ, नेमा प्लेस रोड, विक्रम होटल के उत्तर से पूरब जाती सड़क, अहलुवालिया ट्रेडिंग से सटे उत्तर पश्चिम जाती सड़क भी पुनर्वर्गीकृत की गई हैं।

अन्य सड़कों में एसपी वर्मा रोड से पूरब जाती सड़क, चांदनी चौक का दोनों तरफ का रास्ता, कंकड़बाग पुराना बाईपास से बहाई भवन से पश्चिम से जाती सड़क, कंकड़बाग जे-सेक्टर विजय मार्केट से पश्चिम की ओर जाती सड़क, बिरला मंदिर रोड (डा. दामोदर प्र. पथ), गोविंद मित्रा रोड, मखनियां कुआं रोड, डॉ. विधान चंद राय पथ (खजांची रोड), भिखम दास ठाकुरवारी रोड, पृथ्वी राज पथ, सब्जीबाग (दरियापुर), चित्रगुप्त नगर रोड, लोहिया नगर डिफेंस कालोनी कंकड़बाग रोड, महात्मा गांधी रोड, बीएम दास रोड, एनीबेसेंट रोड, कुनकुन सिंह लेन, संदलपुर रोड, रमना रोड, दरगाह रोड, जनक किशोर पथ, नबाव बहादुर रोड, मोर्चा रोड, मस्रगंज लेन, खाजेकलां घाट रोड, रामबाग लेन, चमडोरिया रोड, कुम्हरार संदलपुर रोड, गुलजारबाग स्टेशन रोड, सदर गली रोड, मारुफगंज रोड, मच्छरहट्टा गली रोड, तुलसी मंडी रोड, बिस्कोमान सड़क, हाजीगंज रोड, पटना घाट रोड, सिटी हास्पिटल रोड, चिमनी घाट रोड, हरिमंदिर गली तथा सुदर्शन पथ शामिल हैं।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें