अरवल में शादी में हर्ष फायरिंग: जयमाला के दौरान युवक को लगी गोली, हालत गंभीर
अरवल जिले के मेहंदिया थाना क्षेत्र के रुपाईच गांव में गुरुवार की रात एक शादी समारोह मातम में बदल गया, जब हर्ष फायरिंग की घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। औरंगाबाद के शमशेर नगर गांव से आई बारात में जयमाला का कार्यक्रम चल रहा था, तभी भीड़ में मौजूद एक युवक ने अचानक गोली चला दी।
फायरिंग की एक गोली विकास कुमार नाम के युवक को जा लगी। गोली लगते ही शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को आनन-फानन में अरवल सदर अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने गोली चलाने वाले युवक की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज कर दी है। इस बीच, घटना से जुड़े एक राजनीतिक दल के नेता को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस मामले के तह तक जाने के लिए जुटाने में लगी है, जिसमें गोली चलाने वाले की मंशा, हथियार की उपलब्धता और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका जैसे पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि शादी समारोह में काफी भीड़ थी और अचानक हुई गोलीबारी से लोगों में दहशत फैल गई। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और लोगों से अपील की है कि ऐसे आयोजनों में हथियारों का प्रदर्शन या फायरिंग करने से बचें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके। पुलिस ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
