शिवहर में 9,997 अपात्रों के Ration Card रद्द होंगे, प्रशासन ने जारी किया नोटिस
बिहार के शिवहर जिले में सरकारी राशन योजना का गलत तरीके से लाभ उठा रहे लगभग 10 हजार लोगों पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के आदेश पर जिले में 9,997 अपात्र राशन कार्डधारियों की पहचान की गई है। इन सभी को अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अविनाश कुणाल की ओर से नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। नोटिस का जवाब नहीं देने या संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर इन सभी के राशन कार्ड रद्द कर दिए जाएंगे।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई सरकारी राशन प्रणाली में पारदर्शिता लाने और जरूरतमंदों तक लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से की जा रही है। जिले में कुल 1 लाख 49 हजार 431 राशन कार्डधारी हैं, जिनमें कुल 5 लाख 73 हजार 997 लाभुक शामिल हैं। सत्यापन के दौरान पाया गया कि कई लोग गलत तरीके से राशन कार्ड बनवाकर सरकारी योजना का लाभ ले रहे थे।
अपात्रता के ये हैं मुख्य कारण
प्रशासन ने अपात्र कार्डधारियों की पहचान के लिए कई मानदंडों का उपयोग किया है। इनमें मुख्य रूप से चार श्रेणियां शामिल हैं: 1.20 लाख रुपये से अधिक वार्षिक आय वाले परिवार, ढ़ाई एकड़ से अधिक जमीन के मालिक, चार पहिया वाहन रखने वाले, और किसी बड़ी कंपनी या सरकारी संस्थान में नौकरी करने वाले लोग।
एसडीओ ने बताया कि आधार, पैन कार्ड और पीएम किसान निधि के डेटाबेस के आधार पर अपात्रों की पहचान की गई है। कई मामलों में एक ही परिवार के कई सदस्यों ने अलग-अलग राशन कार्ड बनवा रखे थे। सत्यापन का काम जनवरी तक पूरा होने की उम्मीद है। जिन कार्डधारियों को नोटिस मिला है, वे सात दिनों के भीतर साक्ष्य के साथ दावा-आपत्ति कर सकते हैं।
समस्तीपुर SP का एक्शन: लंबित केसों पर 90 से अधिक पुलिसकर्मियों का वेतन रोका, थानाध्यक्षों पर भी गाज
सरकारी स्कूलों में आवारा कुत्तों पर एक्शन, प्रिंसिपल पर होगी कार्रवाई: Bihar SOP जारी
पीएम आवास योजना वेरिफिकेशन में देरी, जमुई के हजारों गरीब परिवारों पर संकट | PM Awas Yojana
बिहार PHED ने 104 सहायक अभियंताओं को किया पदस्थापित, मंत्री बोले- ‘शिकायतों का त्वरित निराकरण प्राथमिकता’
