0

अररिया में भीषण सड़क हादसा: ट्रक ने ऑटो को कुचला, एक की मौत, आधा दर्जन घायल

By Dec 6, 2025

अररिया जिले में शनिवार दोपहर एनएच 27 पर धलचर चौक के निकट हड़ियाबाड़ा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। पुरनदाहा से अररिया की ओर यात्रियों से भरी एक सीएनजी ऑटो जैसे ही धलचर चौक हड़ियाबाड़ा पहुंची, तेज रफ्तार से आ रहे एक हाइवा ट्रक ने उसे पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में ऑटो चालक मुख्तार सहित कुल दस लोग घायल हो गए। वहीं, ऑटो में सवार सिमराहा थाना क्षेत्र के पुरनदाहा निवासी नसीम (50) पिता सज्जाद की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

दुर्घटना में ऑटो चालक मुख्तार, मृतक नसीम की पत्नी सइना, रूखसार, मां फारूखा, बच्चा नूर अख्तर, ताफिल, बैचनी, साविया और अन्य लोग घायल हुए हैं। इनमें से एक परिवार के चार सदस्य जोकीहाट थाना क्षेत्र के खजरी के निवासी हैं, जो मृतक नसीम के ही रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने फौरन सभी घायलों को सदर अस्पताल अररिया पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल रुखसार को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक अत्यधिक तेज गति से चल रहा था और उसने ऑटो को पीछे से सीधी टक्कर मारी, जिससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई।

मृतक नसीम की सास शाहिना ने बताया कि नसीम अपनी पत्नी और बच्चे के साथ ससुराल बांसबाड़ी आ रहा था, जहाँ उसके भतीजे का निधन हो गया था। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की लापरवाही से ड्राइविंग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से फरार ट्रक चालक को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

ट्रैफिक थानाध्यक्ष प्रेम कुमार ने बताया कि हड़ियाबाड़ा के समीप हुई सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है और आधा दर्जन से अधिक घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने ट्रक को घटनास्थल से कुछ आगे महादेव चौक के पास जब्त कर लिया है, हालांकि चालक फरार होने में सफल रहा। पुलिस ट्रक के मालिक का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

About

Journalist covering latest updates.

अगली खबरें

देह व्यापार से इनकार पर मां को बेटी की हत्या के जुर्म में उम्रकैद

अररिया में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है, जहाँ एक मां को अपनी ही बेटी की हत्या के जुर्म में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। यह घटना जोकीहाट...
By Dec 6, 2025

साझा करें