रोहतास में दर्दनाक हादसा: मकोर चुनने निकले दो सगे भाइयों की डूबने से मौत
रोहतास जिले के इंद्रपुरी थाना क्षेत्र के नवाडीह गांव में दो सगे भाइयों की डूबने से हुई मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। 14 वर्षीय सुधीर पाल और 12 वर्षीय प्रदीप पाल, जो जंगल में मकोर (जंगली फल) चुनने गए थे, लापता हो गए थे। रविवार देर शाम उनके परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की।
सूत्रों के अनुसार, दोनों भाई साइकिल से जंगल की ओर गए थे। माना जा रहा है कि वापसी के दौरान वे ईंट-भट्ठा के समीप बने एक गहरे पानी भरे गड्ढे के पास पहुंचे। संभवतः उन्होंने गर्मी या प्यास के कारण पानी में उतरने का प्रयास किया होगा, लेकिन अधिक गहराई होने के कारण वे डूब गए।
ग्रामीणों ने सोमवार सुबह जब पत्थर खदान के पास लावारिस हालत में साइकिल और कपड़े देखे तो उन्हें शक हुआ। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने गड्ढे में उतरकर खोजबीन शुरू की, जिसके बाद बारी-बारी से दोनों भाइयों के शव बरामद हुए। इस ह्रदयविदारक घटना की खबर फैलते ही घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई।
पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई थी और खोजबीन जारी थी। शवों को बरामद करने के बाद पहचान की गई और परिजनों को सूचित किया गया। दोनों भाइयों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया गया है। उनकी साइकिल भी परिजनों को सौंप दी गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि घटना के समय बच्चों की मां धान कटाई के लिए खेत गई हुई थी, जबकि उनके पिता दूसरे प्रांत में मजदूरी करते हैं। दोनों भाई अपने चाचा-चाची और मां के साथ रहते थे। दो मासूम बेटों की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और घर में मातम का माहौल है। इस घटना ने एक बार फिर खुले में बने गड्ढों और बच्चों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
