अवैध खनन पर रामपुर डीएम का सख्त एक्शन, लेखपालों को दी ट्रेनिंग और जारी किया कंट्रोल रूम नंबर
रामपुर में अवैध खनन की बढ़ती शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने अवैध खनन पर लगाम लगाने के लिए एक विशेष कंट्रोल रूम नंबर जारी किया है और राजस्व विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने कलक्ट्रेट परिसर स्थित खनन मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया और 8679072802 नंबर जारी किया। उन्होंने कहा कि यदि जनपद में कहीं पर भी अवैध खनन या मिट्टी का परिवहन संज्ञान में आता है, तो उसकी सूचना बिना किसी संकोच के तत्काल कंट्रोल रूम नंबर पर उपलब्ध कराई जाए। कंट्रोल रूम के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी, खनन एवं राजस्व अधिकारियों को तत्काल प्रेषित किया जाएगा, ताकि मौके पर पहुंचकर कठोर कार्रवाई की जा सके।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ. नितिन मदान ने जिला सहकारी बैंक सभागार में लेखपालों का प्रशिक्षण आयोजित किया। उन्होंने लेखपालों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध खनन की किसी भी गतिविधि पर सतर्क दृष्टि रखें और ऐसी किसी भी सूचना की तत्काल जानकारी संबंधित उपजिलाधिकारी एवं जिला प्रशासन को दें।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि काश्तकार अपने निजी उपयोग के लिए अधिकतम 100 घनमीटर तक मिट्टी का खनन कर सकते हैं। हालांकि, इसके लिए काश्तकार का पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है और खनन के समय संबंधित अभिलेख अपने साथ रखना आवश्यक होगा। अपर जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्थान पर व्यवसायिक उद्देश्य से मिट्टी का अवैध खनन पाया जाता है, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ईंट-भट्ठों के संबंध में भी निर्देश दिए गए कि संचालकों द्वारा एकमुश्त समाधान योजना के अंतर्गत रॉयल्टी जमा की जानी अनिवार्य है। जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में कहा कि यदि किसी लेखपाल की लापरवाही अथवा संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
