छत्तीसगढ़ में कुत्ते के नाम के विकल्प में ‘राम’, Bhopal में भड़के हिंदू संगठन
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में सरकारी स्कूलों की कक्षा चौथी की अंग्रेजी प्रश्नपत्र में एक सवाल को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। प्रश्नपत्र में एक वस्तुनिष्ठ प्रश्न में छात्रों से पूछा गया कि ‘मोना के कुत्ते का नाम क्या है?’। इस प्रश्न के चार विकल्पों में ‘राम’ नाम भी शामिल था, जबकि अन्य विकल्प बाला, शेरू और ‘कोई नहीं’ थे।
परीक्षा संपन्न होने के बाद जैसे ही प्रश्नपत्र सामने आया, हिंदू संगठनों ने इसे अपनी धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए कड़ा विरोध जताया। इस विवाद की गूंज भोपाल तक पहुंच गई है, जहां हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
हिंदू संगठनों का कहना है कि इस तरह के सवाल सनातन धर्म और उसके आराध्यों का अपमान करने की मानसिकता को दर्शाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हिंदू समाज की सहनशीलता का बार-बार दुरुपयोग किया जा रहा है। संगठनों ने स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग से मांग की है कि प्रश्नपत्र तैयार करने वाले शिक्षक या समिति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रश्नपत्रों की जांच व्यवस्था को और मजबूत करने की भी मांग की गई है।
