रीवा: पूजा कर रही छात्रा को रूममेट ने बनाया बंधक, मारपीट का आरोप
मध्य प्रदेश के रीवा जिले में स्थित अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के कन्या छात्रावास में गुरुवार को दो छात्राओं के बीच हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। पीड़ित छात्रा स्मिता ने अपनी रूममेट आयशा परवीन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। स्मिता के अनुसार, जब वह अपने कमरे में पूजा-अर्चना कर रही थी, तभी आयशा सिगरेट पीते हुए कमरे में आई और पूजा स्थल के पास राख गिराने लगी।
जब स्मिता ने इसका विरोध किया, तो आयशा ने कथित तौर पर कहा, “ये तेरे भगवान हैं, मेरे नहीं।” इस धार्मिक टिप्पणी के बाद दोनों छात्राओं के बीच कहा-सुनी बढ़ी और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
पीड़िता का आरोप है कि आयशा ने अपनी एक सहेली को भी बुला लिया और दोनों ने मिलकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। स्मिता का दावा है कि उसे लगभग दो घंटे तक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया।
घटना की सूचना मिलते ही छात्रावास में हड़कंप मच गया। पीड़ित छात्रा ने तत्काल छात्रावास वार्डन और विश्वविद्यालय के कुलगुरु से मामले की शिकायत की। हालांकि, तत्काल कार्रवाई न होने से नाराज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने छात्रावास के बाहर प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
एबीवीपी के जिला संयोजक पीएन पांडेय ने कहा कि छात्रा स्मिता को बंधक बनाकर पीटा गया है, जो कि अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने पीड़ित छात्रा की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपित छात्राओं के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। विद्यार्थी परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में समय रहते दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा।
वहीं, विश्वविद्यालय के कुलगुरु राजकुमार कुडारिया ने मामले पर संज्ञान लिया है। उन्होंने एक बयान जारी कर कहा कि शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए छात्रावास की वार्डन से तत्काल रिपोर्ट मांगी गई है और एक जांच समिति का गठन भी कर दिया गया है। कुलगुरु ने आश्वासन दिया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
