रेलवे का नया ऐप: रेलयात्री पाएं कम दाम में टिकट, जानें क्या हैं फायदे
रेलवे यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। अब वे ‘रेलवन’ ऐप का इस्तेमाल करके ट्रेन टिकट पर छूट पा सकते हैं। भागलपुर स्टेशन पर यात्रियों को इस ऐप के उपयोग और टिकट पर मिलने वाली छूट के बारे में विस्तार से बताया गया। रेलवे 14 जुलाई तक जनरल टिकट पर 3% की छूट दे रहा है, जो डिजिटल भुगतान के माध्यम से टिकट खरीदने पर लागू होगी।
डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए, रेलवे ने रेलवन ऐप पर विभिन्न डिजिटल माध्यमों जैसे यूपीआई, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग और गैर-बैंकिंग संस्थाओं के ऐप से भुगतान करने पर छूट की पेशकश की है। पहले यह छूट केवल आर-वैलेट से भुगतान पर ही मिलती थी।
एकीकृत ‘सुपर ऐप’ रेलवन को क्रिस (सेंट्रल रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम) द्वारा विकसित किया गया है। इसे प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। इस ऐप की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह यात्रियों को एक ही जगह पर कई सुविधाएं प्रदान करता है। इसमें अनारक्षित और आरक्षित टिकट बुकिंग, प्लेटफॉर्म टिकट, ट्रेन और स्टेशन से जुड़ी जानकारी, शिकायत प्रणाली, खानपान ऑर्डर, पीएनआर जानकारी, ट्रेन कोच पोजीशन, रियल-टाइम ट्रेन पूछताछ और लाइव स्टेटस जैसी सेवाएं शामिल हैं।
जनवरी 2025 से पहले, यात्रियों को विभिन्न सुविधाओं के लिए अलग-अलग प्लेटफार्मों का उपयोग करना पड़ता था, जिससे उन्हें असुविधा होती थी। अब रेलवन ऐप ने इन सभी सेवाओं को एक ही मंच पर लाकर रेल यात्रियों के सफर को आसान बना दिया है।
