हैदराबाद में राहुल गांधी ने की लियोनेल मेस्सी से मुलाकात, कांग्रेस नेता को मिला ‘GOAT’ का खास तोहफा
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को हैदराबाद में अर्जेंटीना के फुटबॉल दिग्गज लियोनेल मेस्सी से मुलाकात की। मेस्सी अपने ‘GOAT इंडिया टूर 2025’ के दूसरे चरण के लिए भारत आए हैं। राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम में हुई इस मुलाकात के दौरान मेस्सी ने राहुल गांधी को अपनी साइन की हुई जर्सी भेंट की।
हैद निजामों के शहर में प्रशंसकों को संबोधित करते हुए मेस्सी ने कहा, “मुझे आज और हमेशा मिले प्यार के लिए मैं सभी को धन्यवाद देता हूं। सच्चाई यह है कि यहां आने से पहले, इस पूरे समय के दौरान, पिछले विश्व कप के दौरान, मैंने बहुत कुछ देखा है, और ईमानदारी से इस सब प्यार के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। भारत में आपके साथ ये दिन साझा करना हमारे लिए सम्मान की बात है, इसलिए मैं वास्तव में आभारी हूं।”
इस कार्यक्रम में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी मौजूद थे। गांधी के आने से पहले, रेड्डी ने मेस्सी के साथ कुछ देर मैदान पर बिताया और उनके साथ फुटबॉल खेला।
हालांकि, मेस्सी के ‘GOAT टूर’ का पहला चरण कोलकाता में अव्यवस्था और विवादों से घिरा रहा था। लगभग 50,000 दर्शक, जिनमें से कई ने 4,000 रुपये से 12,000 रुपये तक और कुछ मामलों में ब्लैक मार्केट में 20,000 रुपये तक का भुगतान किया था, निराश होकर रह गए। साल्ट लेक स्टेडियम में राजनेताओं, वीवीआईपी और सुरक्षाकर्मियों की भीड़ ने मेस्सी को घेर लिया था। कई लोग भीड़ प्रबंधन के बजाय सेल्फी लेने में अधिक रुचि रखते थे, जिससे प्रशंसक निराश हो गए थे।
