0

रेलवे में खिलाड़ियों को आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन अब पूरी तरह डिजिटल

By Dec 5, 2025

भारतीय रेलवे ने अपने मेडल विजेता खिलाड़ियों को एक बड़ी सौगात दी है, जिसका इंतजार उन्हें दशकों से था। अब ओलंपिक, एशियाई खेल, कॉमनवेल्थ गेम्स या राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले रेलवे कर्मचारियों का आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन (ओटीपी) मात्र कुछ हफ्तों में पूरा हो जाएगा। यह पूरी प्रक्रिया अब पूरी तरह से डिजिटल और पारदर्शी होगी, जिसमें किसी भी कागजी फाइल की आवश्यकता नहीं होगी और न ही महीनों तक इंतजार करना पड़ेगा।

रेलवे बोर्ड ने दो दिसंबर 2025 को उत्तर मध्य रेलवे सहित सभी जोनल रेलवे, प्रोडक्शन यूनिट्स और ट्रेनिंग संस्थानों को एक पत्र जारी कर सूचित किया है कि ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम (एचआरएमएस) में स्पोर्ट्सपर्सन्स के लिए एक विशेष डिजिटल मॉड्यूल 1 दिसंबर 2025 से पूरी तरह से कार्यात्मक हो चुका है। इस मॉड्यूल में पदक की जानकारी दर्ज होते ही, सिस्टम स्वचालित रूप से पात्रता की जांच करेगा। यह खेल कोटे के सभी नियमों को भी स्वतः मान्य करेगा। इसके बाद, फाइल डिजिटल रूप से उच्च अधिकारियों तक अनुमोदन के लिए पहुंचेगी और मंजूरी मिलते ही प्रमोशन आदेश जारी हो जाएगा। नई पोस्टिंग भी तुरंत एचआरएमएस में अपडेट कर दी जाएगी।

रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक (मैनपावर प्लानिंग) शत्रुघ्न बेहरा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अब किसी भी पुराने या नए ओटीपी मामले को ऑफलाइन नहीं निपटाया जाएगा। जिन मामलों की फाइलें अभी अंतिम अनुमोदन प्राधिकारी तक नहीं पहुंची हैं, उन्हें भी इसी नए मॉड्यूल के माध्यम से ही पूरा करना अनिवार्य होगा। पहले, एक पदक जीतने के बाद भी प्रमोशन में देरी होती थी और फाइलों के चक्कर में छह महीने से लेकर दो साल तक का समय लग जाता था।

देश के सबसे बड़े खेल प्रायोजकों में से एक, रेलवे में वर्तमान में ढाई हजार से अधिक अंतरराष्ट्रीय और हजारों राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी कार्यरत हैं। इस डिजिटल कदम से इन सभी खिलाड़ियों को बिना किसी आर्थिक या मानसिक तनाव के अपने अगले बड़े टूर्नामेंट पर ध्यान केंद्रित करने में मदद मिलेगी।

रेलवे ने सभी इकाइयों से कहा है कि यदि मॉड्यूल चलाने में कोई समस्या आती है, तो वे CRIS (सीआरआइएस) की एचआरएमएस टीम से तुरंत संपर्क करें। यूजर मैनुअल भी पोर्टल पर उपलब्ध है। इस नए आदेश से कागजी फाइलों की आवश्यकता और अनावश्यक देरी समाप्त हो जाएगी। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि अब भविष्य में खिलाड़ियों के लिए आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन की सारी प्रक्रिया इसी नए मॉड्यूल के माध्यम से पूरी की जाएगी।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें