0

रेल कर्मियों के सतर्कता से टली बड़ी दुर्घटना, सर्वश्रेष्ठ कर्मचारी सम्मानित

By Nov 27, 2025

प्रयागराज में गुरुवार को रेल महकमे ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अपने कर्मचारियों को सम्मानित किया। महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने अक्तूबर माह के सर्वश्रेष्ठ 16 रेलकर्मियों को पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर आगरा रेल मंडल के लोको पायलट रामप्रकाश सिंह और सहा. लोको पायलट राजू सिंह कुशवाह को ‘सर्वश्रेष्ठ रेलकर्मी’ के खिताब से नवाजा गया। उनकी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई ने एक बड़ी रेल दुर्घटना को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

जनसंपर्क अधिकारी प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि घटना पांच अक्तूबर की है, जब रामप्रकाश सिंह और राजू सिंह कुशवाह ट्रेन संख्या 11841 को लेकर आगरा कैंट स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-5 पर आ रहे थे। इसी दौरान उन्हें इंजन के अंडरफ्रेम से एक असामान्य दुर्गंध महसूस हुई। इस पर दोनों ने तुरंत इंजन की जांच की। जांच में एक्सल बॉक्स नंबर 10 का तापमान 202 डिग्री सेल्सियस पाया गया, जो कि सामान्य से बहुत अधिक था। खतरे की गंभीरता को समझते हुए, उन्होंने तत्काल इंजन को बाकी ट्रेन से अलग करने का निर्णय लिया।

बाद में शेड में गहन जांच की गई तो पता चला कि इंजन के एक्सल बॉक्स के आउटर रेसर स्लैक और कॉनिकाल के बोल्ट ढीले थे। इस चूक के कारण पहियों के जाम होने या आग लगने जैसी गंभीर दुर्घटना घटित हो सकती थी, जिससे न केवल जान-माल का भारी नुकसान होता, बल्कि रेल यातायात भी बुरी तरह प्रभावित होता।

महाप्रबंधक ने रामप्रकाश सिंह और राजू सिंह कुशवाह के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की और कहा कि ऐसे कर्मचारी ही रेलवे की रीढ़ हैं। उन्होंने अन्य रेलकर्मियों को भी इनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया। इस सम्मान समारोह में अन्य विभागों के 14 रेलकर्मियों को भी उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया।

About

Journalist covering latest updates.

अगली खबरें

हनुमानगंज बाजार में CNG टैंकर से गैस रिसाव, टला बड़ा हादसा

सरायइनायत थाना क्षेत्र के हनुमानगंज बाजार में गुरुवार की देर शाम एक बड़ा हादसा टल गया। प्रयागराज–वाराणसी जीटी रोड पर बहादुरपुर ब्लॉक के सामने एक सीएनजी गैस टैंकर से अचानक गैस रिसाव शुरू हो गया।...
By Nov 27, 2025

साझा करें