रायपुर में डीजीपी-आईजी सम्मेलन आज से, पीएम मोदी और अमित शाह करेंगे शिरकत
राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से 28 नवंबर से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अखिल भारतीय पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सम्मेलन का शुभारंभ हो रहा है। यह तीन दिवसीय महत्वपूर्ण सम्मेलन 30 नवंबर तक चलेगा, जिसमें देश भर से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के शीर्ष अधिकारी शिरकत करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस सम्मेलन के दूसरे और तीसरे दिन, यानी 29 और 30 नवंबर को उपस्थित रहेंगे। उनके साथ ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल भी इस मंथन का हिस्सा होंगे। प्रधानमंत्री मोदी 28 नवंबर की रात को ही रायपुर पहुंच जाएंगे, जबकि गृहमंत्री शाह सम्मेलन की शुरुआत से ही इसमें भाग लेंगे।
इस सम्मेलन का मुख्य एजेंडा देश के सामने मौजूद प्रमुख पुलिसिंग चुनौतियों की समीक्षा करना और उनसे निपटने के लिए अब तक हुई प्रगति का आकलन करना है। इसके साथ ही, ‘विकसित भारत’ के राष्ट्रीय दृष्टिकोण के अनुरूप एक ‘सुरक्षित भारत’ के निर्माण के लिए एक दूरदर्शी रोडमैप तैयार किया जाएगा। यह रोडमैप भविष्य में देश की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
सम्मेलन के अंतिम दिन, प्रधानमंत्री मोदी उत्कृष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किए जाने वाले पुलिस अधिकारियों को सम्मानित भी करेंगे। इस आयोजन में सभी राज्यों के गृह मंत्रियों, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस महानिदेशकों तथा केंद्रीय पुलिस संगठनों के प्रमुखों की भागीदारी सुनिश्चित है।
इसके अतिरिक्त, नए और अभिनव विचारों को प्रोत्साहित करने के लिए, इस वर्ष के सम्मेलन में राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के गृह विभागों के प्रमुखों के साथ-साथ डीआईजी और एसपी स्तर के कुछ चुनिंदा पुलिस अधिकारी भी भाग लेंगे। यह आयोजन इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) द्वारा आयोजित किया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, इस बार के सम्मेलन में माओवादी हिंसा के खिलाफ लड़ाई को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसी रणनीति के तहत छत्तीसगढ़ को इस सम्मेलन के आयोजन स्थल के रूप में चुना गया है, जो नक्सल प्रभावित क्षेत्र है। यहां पड़ोसी राज्यों के सुरक्षा अधिकारी अपने अनुभवों को साझा करेंगे और माओवाद से निपटने के लिए संयुक्त रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा।
