रायबरेली में पुलिस मुठभेड़: चेकिंग के दौरान भागे बदमाश, जवाबी फायरिंग में एक घायल, दो गिरफ्तार
रायबरेली, उत्तर प्रदेश। लालगंज में वाहन चेकिंग कर रही पुलिस को देख भाग रहे तीन बदमाशों में से एक को पुलिस मुठभेड़ में गोली लग गई, जबकि दो अन्य को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है। यह घटना तब हुई जब पुलिस संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने की कोशिश कर रही थी और वे पुलिस को चकमा देकर भागने लगे।
जानकारी के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह बहाई पुलिस चौकी के निकट स्थित अंबारा गांव मोड़ के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी एक बाइक पर सवार तीन युवक वहां से गुजरे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन तीनों बाइक से अम्बारा गांव की तरफ तेजी से भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया तो बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। बाइक सवार दो युवक मौके पर ही गिर गए और उन्हें पुलिस ने तुरंत धर दबोचा, लेकिन तीसरा व्यक्ति भागने में सफल रहा।
पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर भाग रहे बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के बाएं पैर के घुटने के नीचे गोली लगी। घायल बदमाश की पहचान बिहार प्रांत के फौजदारी बाजार थाना कासिम बाजार जिला मुंगेर निवासी रितिक कुमार पुत्र दीपक के रूप में हुई है। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मौके से पकड़े गए अन्य दो युवकों की पहचान करण उर्फ अमन कुमार शा पुत्र कामदेव निवासी ठठेरी टोला थाना सबौर जिला भागलपुर बिहार और चिंटू कुमार पुत्र मनोहर शा निवासी फौजदारी बाजार थाना कासिम बाजार जिला मुंगेर बिहार के रूप में की है। पुलिस ने इनके पास से एक बाइक, 315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा, एक मिस कारतूस, 21000 रुपये की नकदी और सोने का झाला मय लटकन बरामद किया है।
घटना की सूचना मिलने पर एएसपी संजीव कुमार सिन्हा भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। कोतवाल प्रमोद सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी चोरी व लूट की वारदातों में शामिल हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
