राशन की दुकान पर अनियमितता: वायरल वीडियो के बाद कोटेदार निलंबित
सिद्धार्थनगर जिले के भनवापुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत जहदा मुस्तहकम में संचालित उचित दर विक्रेता की दुकान पर अनियमितताओं के आरोप के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। पिछले दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कथित तौर पर विक्रेता के पुत्र द्वारा राशन के बजाय पत्थर रखकर खाद्यान्न का वितरण किया जा रहा था। इस वायरल वीडियो ने विभाग और प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया और मामले को गंभीरता से लिया गया।
सूत्रों के अनुसार, मामले की प्रारंभिक जांच के लिए आपूर्ति निरीक्षक को निर्देशित किया गया था। पूर्ति निरीक्षक ने 21 नवंबर को मौके पर पहुंचकर अन्त्योदय एवं पात्र गृहस्थी श्रेणी के कार्डधारकों के बयान दर्ज किए। कार्डधारकों ने अपने बयानों में नियमित रूप से कम खाद्यान्न मिलने की शिकायत की। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत, अन्त्योदय कार्डधारकों को प्रति चक्र 35 किलो (21 किलो चावल, 14 किलो गेहूं) और पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट 5 किलो (3 किलो चावल, 2 किलो गेहूं) खाद्यान्न मिलना अनिवार्य है।
जांच में कार्डधारकों के बयानों के आधार पर अन्त्योदय और पात्र गृहस्थी कार्डधारकों के वितरण में अनियमिता की पुष्टि हुई। इस जांच रिपोर्ट को जिले स्तर पर भेजा गया। जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर तत्काल उचित दर विक्रेता साधूराम को निलंबित करने का आदेश जारी किया।
उचित दर विक्रेता के निलंबन के बाद, जहदा मुस्तहकम के सभी राशन कार्डधारकों को ग्राम डोमसरा के उचित दर विक्रेता अनंत प्रकाश की दुकान से संबद्ध किया गया है। नए संबद्ध विक्रेता को निर्देश दिया गया है कि वह नियमानुसार आवश्यक वस्तुओं का उठान करें और उन्हें लाभार्थियों में सही मात्रा में वितरित करना सुनिश्चित करें। इस कार्रवाई को सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
