पंजाब यूनिवर्सिटी का पहला खेल प्रतिभा सम्मान हरियाणा की बेटी अदिति श्योराण को मिला, क्रिकेट में चमका रही नाम
पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) ने हरियाणा की युवा और प्रतिभाशाली क्रिकेटर अदिति श्योराण को अपने पहले ‘स्पोर्ट्स एक्सीलेंस अवाॅर्ड’ से सम्मानित किया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में कुलपति प्रो. रेणू विग के हाथों प्रदान किया गया। पीयू प्रशासन का यह कदम स्कूल स्तर की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर मंच प्रदान करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
चंडीगढ़ के काॅर्मल कॉन्वेंट स्कूल की कक्षा दसवीं की छात्रा अदिति की खेल प्रतिभा, अनुशासन और निरंतर मेहनत को देखते हुए पंजाब यूनिवर्सिटी ने उन्हें इंटरनेशनल स्तर की क्रिकेटर के रूप में तैयार करने के लिए मेंटरशिप देने का निर्णय लिया है। यह सम्मान पंजाब यूनिवर्सिटी के डायरेक्टोरेट ऑफ स्पोर्ट्स की ओर से दिया गया है। सोनीपत जिले के दुभेटा गांव की निवासी 16 वर्षीय अदिति स्टेट, नेशनल और बीसीसीआई स्तर पर क्रिकेट खेलकर लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रही हैं।
इस सम्मान से अदिति श्योराण ने कहा कि पंजाब यूनिवर्सिटी जैसी प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी से स्कूल स्तर की खिलाड़ी को यह सम्मान मिलना उनके लिए गर्व की बात है। यह उन्हें आगे और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि पीयू की यह पहल न केवल उनके सपनों को मजबूती देगी, बल्कि देश की अन्य बेटियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। पीयू प्रशासन का कहना है कि भविष्य में हर वर्ष कैंपस से बाहर की विशेष और उभरती हुई खेल प्रतिभाओं को चिह्नित कर यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।
