प्यार की सजा या इकरार? ग्रामीणों ने प्रेमी जोड़े को पकड़ा, फिर पंचायत ने करा दी शादी
पीपीगंज, उत्तर प्रदेश: एक गांव में मंगलवार को उस समय हंगामा मच गया जब ग्रामीणों ने एक युवती और उसके प्रेमी को आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया। युवती के स्वजन भी मौके पर पहुंच गए और दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। यह घटना तब हुई जब युवती घर से विद्यालय जाने के लिए निकली थी, लेकिन अपने प्रेमी के साथ गांव के किनारे एक मकान पर पहुंच गई।
पुलिस थाने पहुंचने के बाद युवक और युवती से पूछताछ की गई। दोनों ने खुद को बालिग बताते हुए एक-दूसरे से शादी करने की इच्छा जाहिर की। युवती के स्वजन पहले तो उसे घर ले जाने से मना कर दिया, लेकिन बाद में पुलिस ने दोनों परिवारों को थाने बुलाया। करीब दो घंटे तक चली पंचायत के बाद दोनों परिवारों ने शादी के लिए सहमति दे दी।
थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि दोनों बालिग थे और परिवारों की सहमति के बाद उन्हें साथ भेज दिया गया। देर शाम स्थानीय मंदिर में युवक और युवती का विवाह संपन्न हुआ, जिससे यह मामला शांतिपूर्ण ढंग से सुलझ गया।
