फरीदाबाद में होटल पार्टी पर पुलिस की रेड, कई लोग हिरासत में; Faridabad news
फरीदाबाद के एनआईटी नंबर तीन स्थित एक होटल में शुक्रवार रात पुलिस की औचक जांच से हड़कंप मच गया। पुलिस को देख कई लोग भाग निकले, जबकि कुछ को हिरासत में लिया गया। पुलिस टीम रात करीब 10 बजे होटल पहुंची, तो अंदर तेज आवाज में संगीत बज रहा था और डांस पार्टी चल रही थी। पुलिस को होटल प्रबंधन के पास शराब परोसने का लाइसेंस नहीं मिला। मौके से पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया और उन्हें चौकी ले जाया गया। होटल से शराब की बोतलें भी बरामद की गईं।
पुलिस के अनुसार, 26 जनवरी के मद्देनजर रूटीन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान होटल की जांच की गई, जहां कुछ लोग शराब पीते हुए पाए गए। उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और नियमानुसार कार्रवाई की गई। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए सभी लोगों को रात में ही जमानत पर छोड़ दिया गया। हालांकि पुलिस ने गिरफ्तार किए गए लोगों के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।
छापेमारी के दौरान होटल के शटर नीचे कर दिए गए थे। शटर बंद रहने के दौरान केवल पुलिसकर्मी ही होटल के अंदर मौजूद रहे। पुलिस ने अंदर मौजूद लोगों से पूछताछ की और स्थिति का जायजा लिया। जांच के बाद शटर खोलकर पुलिस टीम बाहर आई। पुलिस का कहना है कि जिन युवतियों को बाहर जाते देखा गया, उनका मामले से सीधा कोई संबंध नहीं पाया गया है।
होटल के आस-पास रहने वाले लोगों ने बताया कि यह होटल रिहायशी इलाके में गलत तरीके से बना हुआ है। इसमें अक्सर इसी तरह तेज आवाज में संगीत बजाकर डांस पार्टी आयोजित की जाती है, जिसके कारण आस-पास रह रहे लोगों को परेशानी होती है।
