बालू माफियाओं पर चला पुलिस का डंडा! लौकरिया में दो ट्रॉली और ट्रैक्टर जब्त, अवैध कारोबार पर शिकंजा
लौकरिया थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन का काला कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है, जिससे न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान हो रहा है, बल्कि नदियों और पर्यावरण को भी गंभीर क्षति पहुंच रही है। स्थानीय पुलिस लगातार इस अवैध धंधे पर नकेल कसने का प्रयास कर रही है।
इसी क्रम में शुक्रवार को लौकरिया थाना क्षेत्र के महदेवा स्थित हड़हवाटोला सरेह में अवैध रूप से बालू खनन किए जाने की गुप्त सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रमन कुमार ने पुलिस बल के साथ त्वरित छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस टीम को अचानक आते देख बालू खनन में लगे चालक और मजदूर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने मौके से बालू से लदी एक स्वराज ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया। इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक अन्य बालू लदी ट्रॉली भी बरामद की, जिसका इस्तेमाल अवैध खनन में किया जा रहा था। दोनों वाहनों को जब्त कर थाना परिसर लाया गया।
थानाध्यक्ष रमन कुमार ने बताया कि जब्त वाहनों की सूचना खनन पदाधिकारी को भेज दी गई है। खनन विभाग द्वारा नियमानुसार आगे की कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन स्वामियों पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन पर रोक के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें लिप्त व्यक्तियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
