ब्रांडेड नमक की आड़ में ‘जहर’ का कारोबार! सासाराम में पुलिस ने पकड़ा मिलावट का खेल
सासाराम में पुलिस ने ब्रांडेड नमक की आड़ में हो रही मिलावट का भंडाफोड़ किया है। दरिगांव थाना क्षेत्र के धनकी जामुन के पास स्थित एक गोदाम पर छापेमारी कर भारी मात्रा में मिलावटी नमक बरामद किया गया। यह कार्रवाई तब हुई जब टाटा ब्रांड के अधिकारियों ने शिकायत की कि बाजार में उनके नाम पर नकली नमक बेचा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, यह गोदाम आलमगंज निवासी संजय कुमार का है, जिसकी गोला बाजार में भी दुकान है। कंपनी अधिकारियों की शिकायत पर गोला बाजार स्थित दुकान से जांच शुरू हुई, जिसके बाद ताराचंडी रोड पर स्थित गोदाम का पता चला। पुलिस ने गोदाम को सील कर दिया है और जब्त नमक के सैंपल को जांच के लिए भेजा गया है।
एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि नकली नमक बेचने की सूचना के आधार पर छापेमारी की गई है। गोदाम मालिक पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के अलावा खाद्य अपमिश्रण अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि यह जांच की जाएगी कि यह नकली नमक किन-किन दुकानों तक पहुंचाया गया था।
जानकार बताते हैं कि सासाराम में खाद्य पदार्थों में मिलावट का खेल तेजी से बढ़ रहा है। वनस्पति तेल से लेकर दाल और घी तक में मिलावट की शिकायतें आम हैं। खाद्य अधिकारियों द्वारा नियमित छापेमारी और नमूना संग्रहण में कमी के कारण मिलावटखोरों का मनोबल बढ़ रहा है।
