PM Modi Malaysia Visit: पीएम मोदी मलेशिया दौरे पर रवाना, जाकिर नाइक पर होगी चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार सुबह मलेशिया के दो दिवसीय दौरे पर रवाना हुए। यह दौरा मलेशिया के प्रधानमंत्री दातो सेरी अनवर इब्राहिम के निमंत्रण पर हो रहा है। पीएम मोदी कई सालों बाद मलेशिया जा रहे हैं, जहां वह भारतीय प्रवासियों और व्यापारिक प्रतिनिधियों से भी बातचीत करेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह दौरा भारत के आसियान देशों के साथ रिश्तों को और मजबूत करने और मलेशिया के साथ सहयोग बढ़ाने के लिए अहम है।
द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर जोर
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के बीच द्विपक्षीय बातचीत होगी। इस दौरान दोनों देश भारत और मलेशिया के बीच बनी ‘कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। बातचीत में व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा, सेमीकंडक्टर, डिजिटल तकनीक, नवीकरणीय ऊर्जा, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और लोगों के आपसी संपर्क जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। दोनों देश रेलवे जैसे इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ाने पर विचार कर रहे हैं।
जाकिर नाइक का मुद्दा
इस यात्रा में भगोड़े जाकिर नाइक के मुद्दों पर भी चर्चा होगी। जाकिर नाइक भारत में मनी लॉन्ड्रिंग और कट्टरता फैलाने के मामलों में वांछित है और 2016 से मलेशिया में रह रहा है। भारत इससे पहले भी अलग-अलग मौकों पर यह मामला उठा चुका है। इस दौरे के दौरान भारत जाकिर नाइक के प्रत्यर्पण के लिए मलेशियाई सरकार पर दबाव बनाने की कोशिश करेगा, जो दोनों देशों के रिश्तों में तनाव का एक मुख्य कारण रहा है।
आसियान और व्यापार पर फोकस
मलेशिया आसियान का एक अहम सदस्य देश है और ऐसे में पीएम मोदी की यह यात्रा भारत-आसियान संबंधों को नई ताकत दे सकती है। भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ में आसियान हमेशा से केंद्रीय भूमिका में रहा है। भारत इस समय आसियान के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (AITIGA) को अपडेट करने की कोशिश कर रहा है। भारत को मौजूदा समझौते से व्यापार घाटा बढ़ने की शिकायत रही है। पीएम मोदी का यह दौरा AITIGA को ज्यादा संतुलित बनाने के लिए आसियान देशों का समर्थन जुटाने में मदद कर सकता है।
भारतीय समुदाय से मुलाकात
इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी मलेशिया में रहने वाले भारतीय समुदाय से भी मिलेंगे और उन्हें संबोधित करेंगे। मलेशिया में लगभग 29 लाख भारतीय मूल के लोग रहते हैं, जो दुनिया में तीसरा सबसे बड़ा भारतीय प्रवासी समुदाय है। भारत और मलेशिया के रिश्ते इतिहास, संस्कृति और सभ्यता से जुड़े हुए हैं।
