पीलीभीत: सरकारी भवन से सपा कार्यालय खाली, पुलिस की मौजूदगी में सामान जब्त, बनेगा पुलिस सहायता पोस्ट
पीलीभीत में ईओ आवास में संचालित समाजवादी पार्टी के कार्यालय को प्रशासन ने खाली करा लिया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में आवास पर कब्जा कर सपा का सारा सामान जब्त कर नगर पालिका भिजवा दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, कई बार नोटिस देने के बाद भी पार्टी ने अपना सामान नहीं निकाला, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। अब इस भवन का उपयोग पुलिस सहायता पोस्ट के रूप में किया जाएगा।
इस कार्रवाई के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर, एसडीएम श्रद्धा सिंह, सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी समेत भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि ईओ आवास पर पहले ही कब्जा ले लिया गया था और सपा का कुछ सामान अंदर रखा था। बार-बार नोटिस के बावजूद सामान न हटाए जाने पर उसे जब्त कर नगर पालिका के कब्जे में भेज दिया गया है।
पूरी कार्रवाई के दौरान कोई भी सपा नेता मौके पर उपस्थित नहीं हुआ। नगर पालिका की टीम ने सफाई का काम शुरू कर दिया है और जल्द ही ईओ का सामान शिफ्ट कराया जाएगा। इसके अलावा, हाईवे पर पुलिस पोस्ट के लिए भी एक कक्ष दिया जाएगा, जिसे पुलिस सहायता पोस्ट के रूप में विकसित किया जाएगा।
