फोरलेन पुल निर्माण के दौरान दर्दनाक हादसा: मजदूर खड्ड में गिरा, मौत
हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में फोरलेन निर्माण कार्य के दौरान एक दुखद हादसा सामने आया है। शाहपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुहाड़ा में निर्माणाधीन फोरलेन पुल पर काम कर रहे एक मजदूर की गिरने से मौत हो गई।
सूत्रों के अनुसार, पंजाब के गुरदासपुर जिले के फतेह नंगल ब्लॉक के रहने वाले 40 वर्षीय पृथ्वी पुत्र अमरीक मसीह, पुल पर काम कर रहे थे। शाम के समय पुल से नीचे उतरने के लिए उन्होंने सरिये का सहारा लिया, लेकिन इसी दौरान उनका हाथ फिसल गया। संतुलन बिगड़ने के कारण पृथ्वी करीब 20 मीटर की ऊंचाई से नीचे खड्ड में जा गिरे।
ऊंचाई से गिरने के कारण मजदूर को सिर में गंभीर चोटें आईं और उसके कान व नाक से खून बहने लगा। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल शाहपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस घटना ने निर्माणाधीन स्थलों पर सुरक्षा मानकों पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। इतनी ऊंचाई पर काम करते समय मजदूरों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं न होने की आशंका जताई जा रही है।
थाना शाहपुर के प्रभारी करतार सिंह ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और घटना के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी है। मृतक मजदूर के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है ताकि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
