पूर्वोत्तर रेलवे की विभागीय परीक्षा 13 दिसंबर को, 304 अभ्यर्थी टैबलेट से देंगे सीबीटी
पूर्वोत्तर रेलवे में विभागीय पदोन्नति परीक्षा के लिए 304 अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे। यह परीक्षा 13 दिसंबर को गोरखपुर मुख्यालय सहित लखनऊ, वाराणसी और इज्जतनगर मंडल के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर एक ही सत्र में आयोजित की जाएगी। नॉन-गजटेड पदों पर जूनियर इंजीनियरों की दस श्रेणियों के लिए यह परीक्षा आयोजित हो रही है। इस बार परीक्षार्थियों के लिए एक बड़ा बदलाव यह है कि वे टैबलेट पर आधारित कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) देंगे, जो कि पहली बार हो रहा है।
परीक्षा के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उप मुख्य कार्मिक अधिकारी (मुख्यालय) वीके द्विवेदी ने बताया कि मुख्यालय गोरखपुर में 144 अभ्यर्थी, इज्जतनगर मंडल में 45, वाराणसी मंडल में 49 और लखनऊ मंडल में 66 अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। सभी मंडलों और मुख्यालय ने परीक्षा के सफल आयोजन के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
परीक्षा केंद्रों का निर्धारण भी कर दिया गया है। मुख्यालय गोरखपुर में एमएसटीसी, इज्जतनगर मंडल में एमडीटीआइ, वाराणसी मंडल में जेडआरटीआइ गाजीपुर और लखनऊ मंडल में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित मल्टीपर्पज हॉल को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। यह विभागीय परीक्षा जूनियर इंजीनियरों के करियर में आगे बढ़ने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। पहली बार टैबलेट पर सीबीटी आयोजित होने से परीक्षा प्रक्रिया में आधुनिकता का समावेश हुआ है। सूत्रों के अनुसार, रेलवे द्वारा इस नई पद्धति को अपनाने का उद्देश्य परीक्षा को अधिक सुगम और पारदर्शी बनाना है। भविष्य में इस मॉडल को अन्य विभागीय परीक्षाओं में भी लागू किया जा सकता है।
गोरखपुर: पाइपलाइन फटने से सैकड़ों परिवार प्यासे, पानी के लिए हाहाकार
गोरखपुर में गैस सिलेंडर की किल्लत, 11 साल बाद फिर रात में लग रहीं लाइनें
गोरखपुर डबल मर्डर: अंडे की दुकान, बाइक और 40 लाख के एग्रीमेंट से सुलझेगी गुत्थी?
साइबर अपराध पर यूपी पुलिस का शिकंजा: 91 हजार से अधिक खाते फ्रीज
गोरखपुर में रिलायंस की कैंपा कोला फैक्ट्री, 500 लोगों को मिलेगा रोजगार
