पूर्वी चंपारण: पैसे के विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई को उतारा मौत के घाट
पूर्वी चंपारण के पताही थाना क्षेत्र के बेतौना गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली पैसों के विवाद ने दो भाइयों के बीच खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। छोटे भाई सकल साह ने अपने बड़े भाई गगन साह की चाकू मारकर हत्या कर दी। यह घटना मां के इलाज पर हुए अतिरिक्त खर्च को लेकर हुए विवाद का परिणाम बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, मृतक गगन साह और उसका छोटा भाई सकल साह अपनी बीमार मां कांति देवी का इलाज करा रहे थे। इलाज के दौरान सकल साह पर चार हजार आठ सौ रुपये अधिक खर्च हो गए थे। इसी रकम को लेकर वह लगातार अपने बड़े भाई से पैसे की मांग कर रहा था, लेकिन गगन साह कुछ दिनों से टालमटोल कर रहा था। इस बात से सकल साह बेहद नाराज था।
बुधवार की देर रात, नशे की हालत में घर लौटे सकल साह का अपने बड़े भाई से विवाद इतना बढ़ गया कि उसने खौफनाक कदम उठा लिया। पहले उसने गगन साह को बुरी तरह पीटा और फिर चाकू से सीने और पेट पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल गगन साह को स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद देर रात उसकी मौत हो गई।
बड़े भाई की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसर गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सकल साह अपने एक बेटे के साथ घर से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बाद में, पकड़ीदयाल डीएसपी कुमार चंदन और थानाध्यक्ष बबन कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की पूरी जानकारी ली।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी की पत्नी और उसके एक बेटे व बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर छापेमारी की जा रही है। डीएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पैसे को लेकर विवाद की पुष्टि हुई है, जिसके बाद छोटे भाई ने गुस्से में हमला कर दिया। मृतक के शरीर पर पीठ और कंधे के पास चाकू के गहरे निशान मिले हैं। एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कर चुकी है।
