0

पूर्वी चंपारण में धान खरीद शुरू नहीं, किसान औने-पौने दाम पर बेचने को मजबूर

By Nov 24, 2025

पूर्वी चंपारण जिले के पकड़ीदयाल प्रखंड क्षेत्र में इस वर्ष धान की सरकारी खरीदारी शुरू न होने के कारण किसानों को भारी संकट का सामना करना पड़ रहा है। रबी फसल की बुवाई, बच्चों की स्कूल फीस और घर-परिवार के अन्य आवश्यक इंतजामों के लिए पैसों की सख्त जरूरत के चलते किसान अपनी खून-पसीने की कमाई को व्यापारियों के हाथों औने-पौने दाम पर बेचने के लिए मजबूर हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पकड़ीदयाल प्रखंड में कुल नौ पैक्स केंद्र स्थापित हैं, जहाँ किसानों की धान उपज का सरकारी दर पर क्रय-विक्रय होना था। लेकिन खरीद प्रक्रिया शुरू न होने से किसानों में गहरा असंतोष और चिंता व्याप्त है।

एक स्थानीय किसान, तुलसी यादव, ने बताया कि धान की रोपाई से शुरू हुई परेशानियां आज तक खत्म नहीं हुई हैं। सरकार द्वारा किसानों के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, लेकिन अधिकारियों की उदासीनता के कारण किसानों की कमर टूट गई है।

एक अन्य किसान, प्रेम शंकर पांडेय, ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हालात दिन-प्रतिदिन बिगड़ते जा रहे हैं। यदि यही स्थिति बनी रही, तो उन्हें खेती छोड़कर पलायन कर मजदूरी करनी पड़ेगी। इनपुट लागत बढ़ने के बावजूद उपज का सही मूल्य न मिलने से परिवार का भरण-पोषण करना दूभर हो गया है।

किसानों का आरोप है कि हर वर्ष की तरह इस बार भी खरीद प्रक्रिया में प्रशासनिक सुस्ती बनी हुई है। इसका सीधा फायदा बिचौलिए उठा रहे हैं, जो किसानों की मजबूरी का लाभ उठाकर काफी कम दाम पर धान खरीद रहे हैं।

इस संबंध में, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी, प्रशांत कुमार रंजन, ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र के छह पैक्स – बड़का गांव पैक्स, सिसहनी पैक्स, अजगरी पैक्स, राजपुर पैक्स, नवादा पैक्स, चोरमा पैक्स तथा पकड़ीदयाल साउथ – को धान खरीदारी शुरू करने का आदेश भेजा गया है। इनमें से राजपुर पैक्स में धान की खरीदारी शुरू भी कर दी गई है।

हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रखंड स्तर पर सरकार की ओर से धान खरीद का वार्षिक लक्ष्य पत्र अब तक निर्गत नहीं किया गया है, जिसके कारण कई पैक्स केंद्र खरीद प्रक्रिया शुरू नहीं कर पा रहे हैं। किसानों का कहना है कि यदि शीघ्र सरकारी खरीद शुरू नहीं की गई, तो उनकी उपज का उचित मूल्य मिलना अत्यंत मुश्किल हो जाएगा।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें