पुलिस मुठभेड़ में आगरा का शातिर चोर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
थाना रामगढ़ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्जनपदीय गिरोह के एक शातिर चोर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। यह घटना औद्योगिक क्षेत्र थाना रामगढ़ के जंगलों में हुई, जहाँ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो चोर माल बंटवारे के लिए इकट्ठा हुए हैं।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार दुबे ने तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही दोनों संदिग्धों ने खुद को घिरता पाकर जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। वहीं, दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब हो गया।
सूत्रों के अनुसार, घायल बदमाश की पहचान इंदल पुत्र दीवान सिंह के रूप में हुई है, जो आगरा जनपद के थाना अछनेरा के रायभा गांव का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने घायल अभियुक्त के पास से एक अवैध असलाह और चोरी के सामान को बरामद किया है। पुलिस अब फरार हुए दूसरे बदमाश की तलाश में जुटी है और घायल बदमाश से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।
इस मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की सराहना की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से अपराधियों में भय का माहौल पैदा होगा और आम जनता को सुरक्षा का अहसास होगा। पुलिस अधीक्षक ने थाना रामगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई की प्रशंसा की है और फरार बदमाश की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
