पटना स्कूल टाइमिंग: ठंड में राहत के संकेत, डीएम का आदेश, सुबह 9 बजे से पहले नहीं चलेंगी कक्षाएं
पटना में मौसम के मिजाज में आए बदलाव के साथ ही ठंड में कमी आने के संकेत मिल रहे हैं। हालांकि, सुबह और शाम की ठंडक को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने जिले के सभी निजी और सरकारी स्कूलों के लिए एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। इस आदेश के अनुसार, 21 से 24 जनवरी तक प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों सहित सभी स्कूलों में सुबह 9 बजे से पहले किसी भी प्रकार की शैक्षणिक गतिविधि संचालित नहीं की जाएगी।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, दिन में धूप निकलने और हवा की गति में कमी के कारण लोगों को ठंड का एहसास कम हो रहा है। हालांकि, सुबह और रात की कनकनी अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुई है। अगले 10 दिनों तक तापमान में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की वृद्धि का अनुमान जताया है। वहीं, बुधवार को सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। पटना और आसपास का मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है।
