चुनाव से पहले पटियाला SSP का ऑडियो वायरल, ‘विपक्षी नेताओं को रोको’, पुलिस ने बताया AI का काम
पटियाला में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों से पहले एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। जिले के एसएसपी वरुण शर्मा का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। अकाली दल का आरोप है कि इस ऑडियो में एसएसपी विपक्षी दलों के नेताओं को चुनाव प्रक्रिया से दूर रखने और सत्ता पक्ष को फायदा पहुंचाने के निर्देश दे रहे हैं। पार्टी नेताओं ने इस कथित बातचीत को लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सीधा हमला बताया है और चुनाव की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
वायरल ऑडियो में कथित तौर पर कहा गया है, “जो भी करना हो करो लेकिन प्रत्याशी को सरकारी प्रांगण में कुछ न हो। नगर निगम चुनाव में ऐसा ही हुआ था।” यह बयान विपक्षी दलों के बीच चिंता का विषय बन गया है।
हालांकि, पंजाब पुलिस ने इस पूरे मामले को फर्जी करार दिया है। पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि वायरल ऑडियो असली नहीं है, बल्कि इसे AI तकनीक का उपयोग करके तैयार किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कुछ तत्व चुनाव से पहले भ्रम फैलाने और पुलिस की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस ने ऑडियो की सत्यता की जांच करने की बात भी कही है।
