पत्नी मायके से लौटी तो पति के घर में मचा हड़कंप, देह व्यापार का खुलासा
थाना सिकंदरा क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति पर घर में देह व्यापार और नशीले पदार्थों की बिक्री कराने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। सूत्रों के अनुसार, महिला का अपने पति के साथ पूर्व से ही विवाद चल रहा था, जिसके कारण वह पिछले चार माह से अपनी बेटी के साथ मायके में रह रही थी। इसी बीच, उसे जानकारी मिली कि पति उसकी अनुपस्थिति का फायदा उठाकर घर में अवैध गतिविधियां संचालित कर रहा है।
सूचना मिलने पर पुलिस जब मौके पर पहुंची तो घर में एक युवक और युवती कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर थाने लाया। अगले दिन, दोनों के खिलाफ शांति-भंग की धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई कर उनका चालान कर दिया गया।
हालांकि, पीड़िता ने पुलिस की इस कार्रवाई को सिरे से खारिज कर दिया है। उसने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर आरोप लगाया है कि पुलिस ने घर के बाहर हंगामा होने की एक मनगढ़ंत रिपोर्ट तैयार कर उसके मामले को कमजोर करने की कोशिश की है। सूत्रों के अनुसार, उच्चाधिकारियों से संपर्क करने पर उसे पारिवारिक विवाद बताकर मामले से पल्ला झाड़ने का प्रयास किया गया।
इस बीच, गुरुवार को पुलिस कार्रवाई से संबंधित एक सीसीटीवी फुटेज वायरल हो गया, जिसने इस मामले को और अधिक सुर्खियों में ला दिया है। वायरल वीडियो के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने कहा है कि वे वीडियो और पूरी घटना की निष्पक्ष जांच करेंगे। इस घटना ने स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
