पश्चिम बंगाल पुलिस में बड़ा फेरबदल: 21 आईपीएस अधिकारियों का तबादला, 10 जिलों के एसपी बदले
पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए राज्य सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) की प्रक्रिया के बीच, राज्य सरकार ने गुरुवार को 21 भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों के तबादले का आदेश जारी किया, जिसमें लगभग 10 जिलों के पुलिस अधीक्षक (एसपी) भी शामिल हैं। इस फेरबदल के साथ ही 19 पश्चिम बंगाल पुलिस सेवा (डब्ल्यूबीपीएस) के अधिकारियों का भी तबादला किया गया है।
राज्य सचिवालय नवान्न की ओर से जारी किए गए आदेश के अनुसार, सरकार ने इसे एक नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया बताया है। हालांकि, चुनावों से कुछ महीने पहले हुए इस बड़े फेरबदल को राजनीतिक गलियारों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। तबादलों में उत्तर बंगाल के कई जिलों के एसपी भी प्रभावित हुए हैं।
प्रमुख तबादलों में झारग्राम जिले के एसपी अरिजीत सिन्हा को मेदिनीपुर रेंज का उप महानिरीक्षक (डीआईजी) बनाया गया है। बांकुड़ा के एसपी वैभव तिवारी अब पुरुलिया के नए एसपी होंगे, जबकि पुरुलिया के एसपी अभिजीत बनर्जी को मालदा जिले की कमान सौंपी गई है। मालदा के एसपी प्रदीप कुमार यादव को उत्तर दिनाजपुर में एसपी (ट्रैफिक) के पद पर भेजा गया है। इसी तरह, अलीपुरद्वार के एसपी वाई रघुवंशी को जलपाईगुड़ी का एसपी नियुक्त किया गया है, जबकि जलपाईगुड़ी के एसपी के. उमेश गणपत को अलीपुरद्वार का एसपी बनाया गया है।
पश्चिम मेदिनीपुर जिले के एसपी धृतिमान सरकार को इंटेलिजेंस ब्रांच में सीनियर सुपरिटेंडेंट के पद पर भेजा गया है। वहीं, पूर्व मेदिनीपुर जिले के एसपी सौम्यदीप भट्टाचार्य को बांकुड़ा का नया एसपी बनाया गया है। गौरतलब है कि पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता और भाजपा विधायक सुवेंदु अधिकारी का गृह जिला है। इस जिले के एसपी के तौर पर पलाश चंद्र धाली को नियुक्त किया गया है, जो पहले बारुईपुर पुलिस जिले के एसपी थे।
विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट में उपायुक्त मानव सिंगला को झारग्राम का एसपी बनाया गया है। इंटेलिजेंस ब्रांच के सीनियर सुपरिटेंडेंट आइपीएस सचिन को विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट के न्यूटाउन क्षेत्र का उपायुक्त नियुक्त किया गया है। रायगंज पुलिस जिले की एसपी सना अख्तर को आसनसोल-दुर्गापुर कमिश्नरेट में वेस्ट ज़ोन का उपायुक्त बनाया गया है। इंटेलिजेंस ब्रांच में सीनियर सुपरिटेंडेंट डा. सोनवणे कुलदीप सुरेश को रायगंज पुलिस जिले का नया एसपी बनाया गया है। इसके अतिरिक्त, पूर्व मेदिनीपुर के एएसपी सुवेंदु कुमार को बारुईपुर पुलिस जिले का एसपी नियुक्त किया गया है। यह प्रशासनिक फेरबदल राज्य में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने की दिशा में एक कदम के रूप में देखा जा रहा है।
