0

प्रतापगढ़ में दर्दनाक हादसा: पुल की रेलिंग से टकराई बाइक, युवक की मौत, दो दोस्त घायल

By Nov 26, 2025

प्रतापगढ़ जिले के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सोमवार देर रात करीब 12 बजे अर्रो पुल के पास चंदू की बाग में हुआ।

सूत्रों के अनुसार, हथिगवां थाना क्षेत्र के जैसावा गांव निवासी 28 वर्षीय कमलेश सरोज पुत्र मल्हू सरोज, अपने दोस्त 25 वर्षीय अजय सरोज पुत्र फूलचंद सरोज और 25 वर्षीय कमलेश सरोज पुत्र पहलादी सरोज के साथ रायबरेली के सलवन में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। बारात में शामिल होने के बाद सोमवार रात तीनों एक ही अपाचे बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे।

जैसे ही वे संग्रामगढ़ के चंदू की बाग स्थित अर्रो पुल के पास पहुंचे, उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे पुल की रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार कमलेश सरोज पुत्र मल्हू सरोज की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर पीछे बैठे अजय सरोज और कमलेश सरोज पुत्र पहलादी सरोज गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) संग्रामगढ़ पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें राजा प्रताप बहादुर अस्पताल रेफर कर दिया।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मृतक कमलेश सरोज के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। संग्रामगढ़ के थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

इस दुखद घटना से मृतक कमलेश के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक कमलेश अविवाहित था और बेंगलुरु में प्राइवेट नौकरी करता था। वह पखवाड़े भर पहले ही गांव आया था। चार भाइयों में वह तीसरे नंबर पर था। उसके बड़े भाई मुकेश, मुन्ना, हरिकेश, बहन रानी और मां कलावती सहित परिवार के सभी सदस्य इस घटना से गहरे सदमे में हैं और रो-रोकर बेहाल हैं। परिवार वाले यही कह रहे हैं कि काश वह बारात में शामिल होने के लिए गांव न आया होता, तो शायद आज वह जीवित होता। परिवार वालों को क्या पता था कि बारात से लौटने के बाद उसका शव ही घर पहुंचेगा।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें