प्रेमिका ने प्रेमी के शव से की शादी, कहा- भाई ने पुलिस की ताने को बना लिया था चुनौती
महाराष्ट्र के नांदेड से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवती ने अपने प्रेमी के शव से शादी करके अपने प्रेम का इजहार किया। युवती, आंचल मामिलवार, ने दावा किया है कि उसके 21 वर्षीय प्रेमी सक्षम टेटे की हत्या उसके परिवार ने इसलिए कर दी क्योंकि वह निचली जाति से था। आंचल ने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस द्वारा उसके परिवार को ताने मारे जाने के बाद उसके भाई ने इसे चुनौती मानकर इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया।
आंचल ने सक्षम के शव पर सिंदूर की तरह खून लगाकर उससे ‘शादी’ की। उसने कहा, “भले ही सक्षम अब जीवित नहीं है, मैं उससे प्यार करती हूं और उसके परिवार के साथ रहूंगी।” उसने मीडिया को बताया, “जिस दिन सक्षम की हत्या हुई, उस दिन सुबह मेरा भाई मुझे पुलिस स्टेशन ले गया था ताकि उस पर झूठा केस दर्ज करा सके। मैंने कोई भी केस दर्ज कराने से मना कर दिया। पुलिसवालों ने मेरे भाई से कहा कि झूठे केस बनाने के बजाय, सीधे उस व्यक्ति को मार ही क्यों नहीं देते? मेरे भाई ने इसे चुनौती के तौर पर लिया और सक्षम को मार डाला।”
पुलिस ने हत्या के 12 घंटे के भीतर आंचल के परिवार के सदस्यों सहित आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, सक्षम और आरोपी दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
आंचल के मुताबिक, वह और सक्षम तीन साल से रिश्ते में थे। उसके परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था क्योंकि सक्षम अनुसूचित जाति समुदाय से था। सक्षम की मां की शिकायत के आधार पर हत्या और अत्याचार का मामला दर्ज किया गया है।
घटना के दिन, आंचल के पिता गजानन मामिलवार, भाई साहिल और हितेश और उनके कई साथियों ने सक्षम को तब घेर लिया जब उन्हें पता चला कि वह इलाके में है। समूह ने सक्षम को गोली मार दी और फिर एक बड़े पत्थर से तब तक पीटते रहे जब तक उसकी मौके पर ही मौत नहीं हो गई।
आंचल ने अपने माता-पिता और भाइयों को मौत की सजा देने की मांग की है। उसने आरोप लगाया कि उसके परिवार ने सक्षम को जेल से रिहा होने के बाद मारने की साजिश रची थी। उसने अपने परिवार से लगातार मिल रही धमकियों का भी जिक्र किया और कहा कि उनके कार्य सक्षम की जाति पहचान से जुड़े हैं।
आंचल ने कहा, “सक्षम के हत्यारों को मौत की सजा मिलनी चाहिए। मुझे न्याय चाहिए।” उसने बताया, “क्योंकि वह अनुसूचित जाति से था, मेरा परिवार हमारी शादी के लिए सहमत नहीं था… मेरे परिवार ने उससे कहा था कि अगर वह मुझसे शादी करना चाहता है तो उसे हिंदू धर्म अपनाना होगा। वह इसके लिए भी तैयार था… मेरा परिवार बस उसे मारने का मौका ढूंढ रहा था… हमने सुबह बात की थी जब वह अपनी चाची को स्टेशन छोड़ने जा रहा था। मुझे बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि ऐसा कुछ होगा… मुझे अगले दिन अखबार से पता चला। किसी ने मुझे इसके बारे में नहीं बताया।”
