0

प्रेमिका ने मंडप से दूल्हे को भगाया, शादी के वादे का निकला सच

By Nov 18, 2025

जनपद अमरोहा में एक शादी समारोह उस वक्त हंगामे की भेंट चढ़ गया, जब दूल्हे की प्रेमिका अचानक मंडप में जा पहुंची। प्रेमिका के आने से शादी की रस्मों के बीच अफरातफरी का माहौल बन गया। उसने दूल्हे पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और अब दूसरी जगह शादी करने का गंभीर आरोप लगाया।

सूत्रों के अनुसार, यह बारात जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के एक गांव से सैदनगली थाना क्षेत्र के एक गांव में आई थी। बाराती खाना खा चुके थे और निकाह की तैयारियां चल रही थीं, तभी प्रेमिका के पहुंचने से सारा माहौल बिगड़ गया। प्रेमिका ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2015 में हुई थी और उसके बाद से दूल्हा उसके संपर्क में था। रिश्तेदार होने के नाते युवक का आना-जाना लगा रहता था। इसी बीच, युवक ने उसे अपने जाल में फंसाया, पति को छोड़कर उसके साथ शादी करने का वादा किया और शारीरिक संबंध बनाए। छह साल बाद जब दूल्हे ने उससे शादी करने से मना कर दिया और दूसरी जगह रिश्ता तय किया, तो प्रेमिका ने यह कदम उठाया।

प्रेमिका के हंगामे के बाद दुल्हन पक्ष के लोग भड़क उठे। उन्होंने दूल्हे और उसके परिजनों पर धोखेबाजी का आरोप लगाया और शादी करने से साफ इनकार कर दिया। दुल्हन पक्ष का कहना था कि उन्हें इस रिश्ते के बारे में गुमराह किया गया था।

मामले को शांत करने के लिए पंचायत बुलाई गई। अंततः, दूल्हे को शादी में हुए खर्च के तौर पर छह लाख रुपये नकद और दहेज में दिया गया सारा सामान वापस करना पड़ा। यह समझौता होने के बाद ही मामला शांत हुआ। पुलिस ने दूल्हे को हिरासत में ले लिया था, लेकिन दोनों पक्षों में समझौता होने और दूल्हे द्वारा धनराशि व सामान वापस करने के बाद उसे रिहा कर दिया गया। थाना प्रभारी ने पुष्टि की है कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है और इस संबंध में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें