0

पंजाब में पराली के नीचे छिपाकर गोवंश तस्करी का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार

By Nov 18, 2025

पंजाब के रूपनगर जिले के कीरतपुर साहिब में गो रक्षा दल ने पुलिस की मदद से गो तस्करी के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। रविवार देर रात मौड़ा टोल प्लाजा के पास गो रक्षा दल के जिला प्रधान निक्सन कुमार और उनकी टीम ने पुलिस के साथ मिलकर एक 407 टैंपो को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर पराली के नीचे छिपाकर ले जाए जा रहे सात गोवंश मिले, जिन्हें तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कैंटर में पराली से ढककर गोवंश की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गो रक्षा दल ने वाहन को घेर लिया। वाहन चालक की पहचान मुहम्मद बिलाल पुत्र फकीर मुहम्मद निवासी जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई, जिसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। उसके साथ एक अज्ञात क्लीनर भी था, जो पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

जांच के दौरान यह पाया गया कि गोवंश को न तो पानी और न ही चारे की व्यवस्था के साथ क्रूरतापूर्वक बांधा गया था, जो तस्करी की ओर स्पष्ट इशारा करता है। थाना कीरतपुर साहिब की पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

गो रक्षा दल के जिला प्रधान निक्सन कुमार ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह कोई नई बात नहीं है। उन्होंने बताया कि कुछ महीने पहले भी कीरतपुर साहिब थाना पुलिस ने एक बड़े ट्रक से आलुओं के नीचे छिपाकर ले जाए जा रहे गोवंश को पकड़ा था, और वह वाहन आज भी थाने में खड़ा है। उन्होंने पंजाब सरकार से इस गंभीर मुद्दे पर तत्काल और सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म में गो माता की पूजा की जाती है और उनकी तस्करी, वध या उन्हें कष्ट पहुंचाना पूरे हिंदू समाज की भावनाओं को आहत करता है। उन्होंने राज्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें