पंचकूला: पुल के नीचे पानी में मिला नग्न शव, पहचान बनी पुलिस के लिए चुनौती
पिंजौर के गांव खुऊवाला में एक पुल के नीचे पानी में नग्न अवस्था में एक अज्ञात शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। पंचकूला पुलिस के लिए इस शव की पहचान करना एक बड़ी चुनौती बन गया है। पुलिस को सूचना मिलने पर मढ़ावाला चौकी से टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
चौकी इंचार्ज भीम सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और शव को पानी से बाहर निकाला गया। शव के शरीर पर कोई कपड़े नहीं थे। आसपास के लोगों को बुलाकर भी शव की पहचान करवाने के प्रयास किए गए, लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। मृतक की उम्र करीब 50 साल बताई जा रही है।
पुलिस ने फिलहाल शव को 72 घंटे के लिए शव गृह (मॉर्चरी) में रखवा दिया है ताकि पहचान हो सके। पुलिस इस मामले को फिलहाल प्राकृतिक मौत मानकर चल रही है, लेकिन नग्न अवस्था में शव मिलने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके।
