ऑनलाइन हाजिरी के विरोध में पंचायत सचिवों का प्रदर्शन, सरकार पर लगाया तानाशाही का आरोप
चौमुहां ब्लॉक के ग्राम पंचायत सचिव एवं ग्राम विकास अधिकारियों ने शुक्रवार को ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली के विरोध में काली पट्टी बांधकर ब्लॉक पर धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने बीडीओ की अनुपस्थिति में एडीओ पंचायत नवेश कुमार सुमन को ज्ञापन सौंपा।
धरने में सचिव चौधरी ब्रजमोहन सिंह ने कहा कि सचिवों का काम पूरी तरह फील्ड का है। ऐसे में ऑनलाइन हाजिरी जैसी कार्यालय आधारित प्रणाली व्यावहारिक नहीं है। एक सचिव के पास 4-5 ग्राम पंचायतों का प्रभार है, ऐसे में किसी एक निश्चित स्थान पर समय से ऑनलाइन हाजिरी दर्ज करना संभव ही नहीं है। ग्राम विकास अधिकारी योगेश शर्मा ने कहा कि पंचायत स्तर पर सचिव के अलावा लेखपाल, अध्यापक, तकनीकी कृषि सहायक, गन्ना एवं पशुपालन विभाग के अधिकारी भी हैं। इनके कार्यक्षेत्र सीमित हैं, इसलिए समान ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली सबके लिए लागू होनी चाहिए।
ग्राम विकास अधिकारी सगीर अहमद ने आरोप लगाया कि सरकार पंचायत सचिवों के प्रति तानाशाह रवैया अपना रही है। जब तक आदेश वापस नहीं लेंगे, आंदोलन जारी रहेगा। ग्राम विकास अधिकारी हरपाल सिंह ने चेतावनी दी कि यदि ऑनलाइन उपस्थिति का आदेश वापस नहीं लिया तो प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन करेंगे। दिलीप शर्मा ने कहा कि हमारी मांगे नहीं मानी तो सभी पंचायत सचिव डिजिटल हस्ताक्षर वाले डोंगल ब्लॉक पर जमा कर वाहनों का प्रयोग भी बंद कर देंगे। धरने में ग्राम विकास अधिकारी गोपाल प्रसाद, राजेश कुमार, ग्राम पंचायत अधिकारी रविंद्र कुमार वशिष्ठ, वीरेश शर्मा, नेत्रपाल सिंह आदि रहे।
