पाकिस्तानी दर्शक ने की Ranveer Singh की फिल्म ‘धुरंधर’ की तारीफ, कहा- कराची का माहौल एकदम सटीक
रणवीर सिंह और आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ को पाकिस्तान और कुछ खाड़ी देशों में रिलीज से पहले बैन कर दिया गया था। हालांकि, ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने के बाद यह फिल्म पाकिस्तान में नंबर-1 पर ट्रेंड कर रही है। इसी बीच, कराची में जन्मे एक पाकिस्तानी दर्शक का रिएक्शन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने फिल्म की जमकर तारीफ की है।
दर्शक ने लिखा कि वह अब विदेश में रहते हैं और सिनेमाघरों में फिल्म न देख पाने का उन्हें अफसोस है। उन्होंने कहा कि फिल्म में कराची का माहौल और उर्दू भाषा इतनी सटीक दिखाई गई है कि उन्हें अपने बचपन की याद आ गई। दर्शक ने कहा, “मैं कराची में पैदा हुआ और पला-बढ़ा हूं, और इस फिल्म ने मुझे बहुत नॉस्टैल्जिक महसूस कराया।” उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म में कई ऐसे संदर्भ हैं जो इसे एक पाकिस्तानी फिल्म जैसा महसूस कराते हैं।
दर्शक ने स्पष्ट किया कि उन्हें यह फिल्म बिल्कुल भी ‘एंटी-पाकिस्तान’ नहीं लगी। उन्होंने कहा, “एक पाकिस्तानी होने के नाते मुझे यह फिल्म बिल्कुल भी एंटी-पाकिस्तान नहीं लगी।” उन्होंने फिल्म के रिसर्च और गहराई की तारीफ की। दर्शक ने माना कि कुछ जगहों पर उर्दू में छोटी-मोटी गलतियां थीं, लेकिन कुल मिलाकर भाषा काफी सही और प्रभावी थी। उन्होंने कहा कि कई दृश्यों में इतनी शुद्ध उर्दू थी कि उन्हें रुककर स्क्रीन पढ़नी पड़ी, और उन्होंने इस अनुभव का आनंद लिया।
फिल्म ‘धुरंधर’ एक भारतीय जासूस की कहानी है, जो पाकिस्तान के लियारी इलाके में एक आपराधिक गिरोह में घुसकर आतंकवाद के खिलाफ मिशन को अंजाम देता है।
